सोशल मीडिया की लत पर लगाम: जापान लाएगा सख्त नियम, बच्चों की सुरक्षा पर फोकस

Technical News-डिजिटल युग में बढ़ती सोशल मीडिया की लत को लेकर जापान सरकार बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। सरकार ने साफ किया है कि वह सोशल मीडिया पर पूरी तरह बैन लगाने के पक्ष में नहीं है, लेकिन युवाओं की सुरक्षा के लिए सख्त नियम लागू किए जाएंगे।

सरकार के प्रस्ताव के मुताबिक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उम्र की सही जांच (वेरिफिकेशन) अनिवार्य की जाएगी, ताकि कम उम्र के बच्चे गलत जानकारी देकर अकाउंट न बना सकें। इस दिशा में ‘चिल्ड्रन एंड फैमिलीज एजेंसी’ को जिम्मेदारी दी गई है, जो तय करेगी कि इन नियमों को कैसे लागू किया जाए और क्या इसके लिए नए कानूनों की जरूरत होगी।

नई नीति के तहत सोशल मीडिया कंपनियों को अपने प्लेटफॉर्म से जुड़े संभावित खतरों की जानकारी सार्वजनिक करनी होगी। साथ ही यह भी बताना होगा कि उन्होंने युवा यूजर्स को सुरक्षित रखने के लिए क्या कदम उठाए हैं।

मौजूदा समय में X और Instagram जैसे प्लेटफॉर्म्स पर अकाउंट बनाने के लिए न्यूनतम उम्र 13 साल तय है, लेकिन इसकी सख्त जांच नहीं होने के कारण बच्चे आसानी से नियमों को पार कर लेते हैं।

दुनिया के कई देश इस दिशा में कड़े कदम उठा रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लागू किया है, वहीं इंडोनेशिया ने भी इसी तरह का फैसला लिया है।

अब नजरें इस बात पर हैं कि जापान का यह “बीच का रास्ता” युवाओं को सुरक्षित रखने में कितना कारगर साबित होता है।
Read Also-Sports-Cricket-ऑरेंज कैप की रेस में तीसरे स्थान पर पहुंचे संजू सैमसन, पर्पल कैप फिर अंशुल कंबोज के पास

Show More

Related Articles

Back to top button