
Sports News: हिन्डाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेनुपावर डिवीजन रेनुसागर के तत्वावधान में आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान पर आयोजित आरपीएल 2026 क्रिकेट लीग में सोमवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में पॉवर पैंथर ने स्टीम स्ट्राइकर्स को 7 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए स्टीम स्ट्राइकर्स की टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 102 रन बनाए। टीम की ओर से राज कुमार सिंह ने सर्वाधिक 34 रन बनाए। वहीं शेखर ठाकुर ने 18 और अंकित सैनी ने 17 रनों का योगदान दिया। नीरज तिवारी 5 रन बनाकर नाबाद लौटे।
पॉवर पैंथर की ओर से अभिषेक मिश्रा और समीनुल ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 2-2 विकेट हासिल किए और विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।
103 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पॉवर पैंथर की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। टीम के स्टार बल्लेबाज अभिषेक झाझरिया ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 54 रन बनाए और टीम को जीत की मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। उनके अलावा अभिषेक मिश्रा ने 20 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।
पॉवर पैंथर ने केवल 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला अपने नाम कर लिया। स्टीम स्ट्राइकर्स की ओर से नीरज तिवारी, सर्वेश और शेखर ठाकुर ने एक-एक विकेट लिया।
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में आयोजक समिति के मनीष सिंह, निखिल जैन, राजीव मिश्रा एवं नीरज तिवारी ने शानदार प्रदर्शन के लिए अभिषेक झाझरिया को “मैन ऑफ द मैच” पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
मुकाबले में अंपायरिंग की जिम्मेदारी अजित और मनीष ने निभाई, जबकि स्कोरिंग का कार्य अभिलाष झा एवं डी.के. राय ने किया। मैच का आंखों देखा हाल सुमित सिंह ने सुनाया।
इस शानदार जीत के साथ पॉवर पैंथर का आत्मविश्वास बढ़ गया है और अब टीम की निगाहें सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में जगह बनाने पर टिकी हैं।
Written By: Ekta Verma



