
Railway News : प्रयागराज मंडल के मंडल कार्यालय में यातायात निरीक्षक (ओवरहॉलिंग) के पद पर कार्यरत रामसिंह मीना 30 सितंबर को 37 वर्ष की गौरवपूर्ण रेल सेवा पूरी करने के बाद सेवानिवृत्त हो गए। उनकी सेवानिवृत्ति पर मंडल कार्यालय में विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम), वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (एसआरडीओएम) समेत अन्य अधिकारियों और सहकर्मियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
22 वर्षों तक यातायात निरीक्षक के रूप में दी सेवाएं
रामसिंह मीना ने रेलवे के परिचालन विभाग में विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दीं। 16 जून 2004 को उन्हें मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में यातायात निरीक्षक/ओवरहॉलिंग के पद पर नियुक्त किया गया था। इसके बाद उन्होंने करीब 22 वर्षों तक प्रयागराज मंडल में यातायात निरीक्षक के रूप में काम किया।
इस दौरान मंडल के विभिन्न स्टेशनों की ओवरहॉलिंग के साथ ईआई-एसएसआई कार्य, तीसरी और चौथी रेल लाइन, बीडी लाइन तथा बड़े यार्डों के रीमॉडलिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में उनकी भूमिका रही।
ऑटोमेटिक सिग्नलिंग में भी रहा महत्वपूर्ण योगदान
प्रयागराज मंडल में ऑटोमेटिक सिग्नलिंग प्रणाली से जुड़े कार्यों को सुरक्षा और संरक्षा के निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने में भी रामसिंह मीना का उल्लेखनीय योगदान रहा। उनकी कार्यकुशलता, कर्तव्यनिष्ठा, मेहनत और समर्पण के कारण सहकर्मियों के बीच वे ‘एनआई गुरु’ के नाम से चर्चित रहे।
उनके कार्यों और योगदान को देखते हुए तत्कालीन रेल मंत्री पीयूष गोयल ने 8 दिसंबर 2019 को उन्हें रेल मंत्री अवार्ड से सम्मानित किया था।
पूर्व अधिकारियों ने भी दी शुभकामनाएं
रामसिंह मीना के विदाई समारोह में वर्तमान मंडल अधिकारियों के साथ प्रयागराज मंडल में उनके साथ काम कर चुके तीन पूर्व वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक भी शामिल हुए। इनमें शिवम शर्मा (वर्तमान सीपीआरओ), आकांशु गोविल (वर्तमान डीवाईसीटीएम, कानपुर) और मन्नू प्रकाश दुबे (वर्तमान जीएम, डीएफसी) शामिल रहे।
पूर्व एसआरडीओएम श्रीकृष्ण शुक्ला ने वीडियो संदेश के माध्यम से रामसिंह मीना को सेवानिवृत्ति पर शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान डीआरएम ने उन्हें गुलदस्ता और शॉल भेंट कर सम्मानित किया, जबकि एसआरडीओएम ने साफा पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
37 वर्षों की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए रामसिंह मीना को अधिकारियों और सहकर्मियों ने उनके दीर्घकालिक योगदान और सेवाओं के लिए शुभकामनाएं दीं।


