
Rahul Gandhi News:उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर मे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ एमपी-एमएलए कोर्ट में दर्ज मानहानि मामले में शुक्रवार को सुनवाई हुई। अदालत ने इस दौरान दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं के प्रार्थना पत्रों और दलीलों को सुना।अदालत ने उन्हें अब तक याचिका प्रस्तुत न कर पाने के कारण अंतिम चेतावनी देते हुए एक और अवसर दिया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अगली तारीख 3 सितंबर को बहस करना अनिवार्य होगा।
राहुल गांधी के अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ल ने शुक्रवार को बताया कि मामले में बहस की तारीख तय थी। हालांकि, परिवादी विजय मिश्रा के अधिवक्ता संतोष पांडेय ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर करने के लिए समय मांगा। अदालत ने उन्हें अब तक याचिका प्रस्तुत न कर पाने के कारण अंतिम चेतावनी देते हुए एक और अवसर दिया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अगली तारीख पर बहस करना अनिवार्य होगा।
वादी के अधिवक्ता संतोष पांडेय ने बताया कि वॉयस सैंपल के मिलान संबंधी उनका प्रार्थना पत्र मजिस्ट्रेट और रिवीजनल कोर्ट द्वारा खारिज कर दिया गया था। वे इस आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर करना चाहते हैं। नकल मिलने में देरी के कारण उन्होंने समय की मांग की थी। अदालत ने उनके निवेदन को स्वीकार करते हुए समय प्रदान किया। मामले की अगली सुनवाई के लिए 3 सितंबर की तारीख तय की है।
इस मामले से संबंधित एक निगरानी याचिका एडीजे कोर्ट में विचाराधीन थी, जिसे 15 जुलाई को हुई सुनवाई में खारिज कर दिया गया था। याचिका निरस्त होने के बाद मूल पत्रावली निचली अदालत में वापस आनी थी, जिसके बाद मानहानि मामले में बहस होनी थी। यह निगरानी याचिका एडीजे कोर्ट संख्या-पंचम में राहुल गांधी के वॉयस सैंपल से संबंधित थी।
उल्लेखनीय है कि यह मामला कर्नाटक चुनाव के दौरान साल 2018 में राहुल गांधी द्वारा अमित शाह को लेकर की गई एक टिप्पणी से जुड़ा है। इस टिप्पणी से आहत होकर सुल्तानपुर के एमपी-एमएलए कोर्ट में भाजपा नेता विजय मिश्रा ने परिवाद दर्ज कराया था। कोर्ट से वारंट जारी होने के बाद राहुल गांधी पहली बार 20 फरवरी 2024 को कोर्ट में हाजिर हुए थे, जहां कोर्ट ने उन्हें 25-25 हजार रुपये के दो मुचलके पर जमानत दे दी थी। इसके बाद, 26 जुलाई 2024 को राहुल ने कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया था। अंतिम बार राहुल गांधी 20 फरवरी 2026 को कोर्ट में अपना पक्ष रखने पहुंचे थे।
Read Also-Sports News: हॉकी विश्व कप: दूसरे चरण में भारत के सामने नीदरलैंड्स की चुनौती



