
Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों से उन्होंने कहा कि इलाज में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। सरकार जरूरतमंदों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी कराई जाए। यदि आयुष्मान योजना के बाद भी उपचार के लिए आर्थिक मदद की जरूरत पड़ेगी तो मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता दी जाएगी।
गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री करीब 150 लोगों से मिले। उन्होंने लोगों के पास पहुंचकर उनकी शिकायतें और समस्याएं सुनीं। इस दौरान प्रार्थना पत्र अपने हाथों में लेकर उनका अवलोकन किया और संबंधित मामलों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त किया कि वे परेशान न हों, सरकार उनके साथ है।
जनता दर्शन में मिले प्रार्थना पत्रों को मुख्यमंत्री ने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सौंपते हुए उनके निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई होनी चाहिए। समस्याओं का समाधान समयबद्ध, निष्पक्ष और शिकायतकर्ता को संतुष्ट करने वाला होना चाहिए।
जमीन कब्जाने की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन में जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
गोशाला में गोवंश को खिलाई रोटी और गुड़
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में अपनी परंपरागत दिनचर्या पूरी की। सुबह उन्होंने महायोगी गुरु गोरखनाथ के दर्शन किए और अपने ब्रह्मलीन गुरु महंत अवेद्यनाथ का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह मंदिर की गोशाला पहुंचे और गोसेवा की।
मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से गोवंश को रोटी और गुड़ खिलाया। इस दौरान उन्होंने भोलू नाम के बछड़े और छुटकी नाम की बछिया को आवाज देकर पास बुलाया और उन्हें दुलार किया। मुख्यमंत्री के स्नेह और अपने पास बुलाने पर गोवंश उनके नजदीक आने के लिए उत्सुक दिखाई दिए। इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें प्यार से समझाते हुए कहा, ‘अपनी जगह पर ही रहो, नहीं तो चोट लग जाएगी।’
written by Siddhi Srivastava



