
प्रयागराज। होली को बीते अब तक एक माह से अधिक हो गए है, मगर अब तक होली के दिन काम करने वाले रोडवेज के कर्मचारियों को उनका प्रोत्साहन भत्ता नहीं मिला है। जिस वजह से कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। कर्मचारियों ने कहना है कि हमने सब की होली रंग बिरंगी की और हमारी ही होली बेरंग रह गई। इसी के साथ कर्मचारियों ने बताया कि प्रदेश के अन्य सभी क्षेत्रों जिसमे की आजमगढ़, सुल्तानपुर, मुगलसराय और देवीपाटन वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन मिल चुका है। मगर अभी तक प्रयागराजक्षेत्र में होली के दिन त्योहार पर काम करने वाले किसी भी कर्मचारी को उनका प्रोत्साहन भत्ता नहीं मिला है।
अपने भत्ते के लिए कर्मचारियों ने रोडवेज के शीर्ष अधिकारियों से भी गुहार लगाई, तो रोडवेज के अधिकारयिों ने उन्हें अपनी बातों को लिखत रूप में रखने को कहा। कर्मचारियों ने अपनी मंशा स्पष्ट कर दी है, अगर प्रोत्साहन नहीं मिलता है, तो हमारे आक्रोश का सामना करने के लिए अधिकारीगण तैयार हो जाए।
क्या है प्रावधान?
अब बात करते है प्रोत्साहन भत्ता देने का प्रावधान क्या है और कितने दिनों भीतर देना चाहिए। इस वहां मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि कर्मचारियों को प्रोत्साहन भत्ता उसकी ट्रिप पूरी करते ही देना चाहिए। मगर अब तक एक माह से अधिक हो गए है त्योहार को बीते, लेकिन प्रोत्साहन अभी तक नहीं मिला है।
इस पर कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने होली के दौरान अपने परिवार और निजी जीवन को पीछे छोड़ते हुए यात्रियों की सेवा को प्राथमिकता दी। दिन-रात की ड्यूटी कर बसों का संचालन किया, ताकि आम जनता अपने गंतव्य तक समय पर पहुंच सके और त्योहार का आनंद ले सके।
लेकिन अब वही कर्मचारी खुद आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। इस पूरे मामले ने विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कर्मचारियों की मांग है कि प्रोत्साहन भत्ता तत्काल जारी किया जाए और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न उत्पन्न हो, इसके लिए ठोस व्यवस्था की जाए।
रिपोर्ट : आकाश त्रिपाठी, प्रयागराज (युनाइटेड भारत)



