
PRAYAGRAJ News-अवैध खनन, अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग तथा बिना नंबर प्लेट के वाहनों के संचालन पर अंकुश लगाने के लिए जिले के यमुनानगर जोन में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस, परिवहन, राजस्व एवं खनन विभाग की संयुक्त टास्क फोर्स ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 95 वाहनों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की। यह जानकारी साेमवार काे पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने दी।
उन्होंने बताया कि यमुनानगर पुलिस तथा आरटीओ, राजस्व और खनन विभाग की संयुक्त टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान अवैध खनन, ओवरलोडिंग और बिना नंबर प्लेट संचालित वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
अवैध खनन में 11 वाहन सीज
संयुक्त टास्क फोर्स द्वारा की गई आकस्मिक जांच के दौरान अवैध खनन में संलिप्त 11 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। वहीं थाना लालापुर क्षेत्र के मानपुर घाट पर अवैध बालू खनन करते पाए जाने पर खान निरीक्षक की तहरीर के आधार पर संबंधित आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
ओवरलोड वाहनों पर भी चला अभियान
ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में 40 वाहनों को मौके पर सीज किया गया, जबकि 12 वाहनों का चालान किया गया। अधिकारियों ने कहा कि ओवरलोडिंग सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है और इसके खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
बिना नंबर प्लेट के 30 वाहन सीज
बिना नंबर प्लेट संचालित वाहनों की जांच के दौरान 30 वाहनों को सीज किया गया, जबकि दो अन्य वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने कहा कि बिना नंबर प्लेट वाहनों का संचालन कानून व्यवस्था और सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर विषय है।
डीसीपी यमुनानगर का बयान
विवेक चन्द्र यादव ने कहा कि अवैध खनन, ओवरलोडिंग और नियमों की अनदेखी कर संचालित वाहनों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस, परिवहन, राजस्व और खनन विभाग की संयुक्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। डीसीपी ने कहा कि ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों और वाहनों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि राजस्व की हानि रोकी जा सके और सड़क सुरक्षा बनी रहे।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे यातायात एवं खनन संबंधी नियमों का पालन करें तथा किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
Read Also-Pratapgarh News-कानून व्यवस्था व महोबा घटना को लेकर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन



