
Pratapgarh News:समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता मोहम्मद वासिक खान ने पार्टी के भीतर सामाजिक संपर्क और राजनीतिक सक्रियता को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में मुस्लिम समाज के कई लोग दूसरे समाज के नेताओं के पीछे चलने में गौरव महसूस करते हैं, जबकि अपने समाज के नेताओं की आलोचना करते हैं। उन्होंने पार्टी के नेताओं से सामाजिक संवाद को व्यापक बनाने की अपील की।
वासिक खान ने कहा कि कई राजनीतिक नेता मुस्लिम समाज के बीच जाकर प्रचार-प्रसार तो करते हैं, लेकिन समाज से जुड़े गंभीर मुद्दों पर उनकी आवाज उतनी मुखर नजर नहीं आती। उन्होंने प्रतापगढ़ में मुस्लिम युवकों के कथित ‘हाफ एनकाउंटर’ के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि इन घटनाओं को लेकर बड़े नेताओं की ओर से अपेक्षित स्तर पर आवाज नहीं उठाई गई।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश स्तर के कुछ नेता जब प्रतापगढ़ आए तो मुस्लिम समाज से जुड़े पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने के बजाय अन्य प्रभावशाली सामाजिक वर्गों के नेताओं से मिलने को प्राथमिकता दी। वासिक खान के मुताबिक, उन्होंने व्यक्तिगत रूप से कुछ बड़े नेताओं से आग्रह किया था कि पुलिस कार्रवाई में मारे गए या घायल हुए मुस्लिम परिवारों से भी मुलाकात की जाए।
सपा जिला उपाध्यक्ष ने यह भी कहा कि इसी दौरान करीब 500 मीटर की दूरी पर वरिष्ठ समाजवादी नेता गुलफाम साहब दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल थे, लेकिन उनसे मिलने उनके घर जाने की पहल नहीं की गई।
उन्होंने पार्टी के सातों विधानसभा क्षेत्रों से टिकट की दावेदारी कर रहे संभावित प्रत्याशियों से अपील की कि वे अपनी राजनीतिक सक्रियता को केवल यादव और मुस्लिम समाज तक सीमित न रखें। उन्होंने कहा कि संभावित प्रत्याशियों को अपने-अपने समाज के साथ-साथ सर्वसमाज में समाजवादी विचारधारा का संवाद मजबूत करने और संगठन के विस्तार पर ध्यान देना चाहिए।
वासिक खान के मुताबिक, व्यापक सामाजिक संपर्क और संगठन को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम करने से पार्टी को राजनीतिक स्तर पर बेहतर परिणाम हासिल करने में मदद मिल सकती है।
Read Also-सुप्रीम कोर्ट में नए जजों की एंट्री की तैयारी, कॉलेजियम ने सुझाए तीन हाईकोर्ट चीफ जस्टिस के नाम
रिपोर्ट—उमेश पाण्डेय जिला संवाददाता, यूनाईटेड भारत



