
Politics : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को महंगे उपहार स्वीकार नहीं करने का संदेश दिया है। उन्होंने नेताओं से कहा कि सोने या चांदी के मुकुट और अन्य महंगे गिफ्ट लेने से बचें। अगर कोई कार्यकर्ता या समर्थक महंगा उपहार देने पर जोर देता है तो उसे विनम्रता से वापस कर दिया जाए।
नितिन नबीन ने यह बात पार्टी महासचिवों के साथ हुई बैठक में कही। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में सक्रिय नेताओं के आचरण को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि नेताओं को अपने व्यवहार से पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के सामने उदाहरण पेश करना चाहिए।
सार्वजनिक जीवन में शुचिता और मर्यादा पर जोर
बैठक में पार्टी अध्यक्ष ने नेताओं से सार्वजनिक जीवन में शुचिता और मर्यादा बनाए रखने की अपील की। पार्टी के मुताबिक, नेताओं का व्यक्तिगत व्यवहार संगठन की छवि से भी जुड़ा होता है। ऐसे में उन्हें अपने आचरण को लेकर सतर्क रहना चाहिए।
महंगे उपहारों को लेकर यह संदेश ऐसे समय में आया है, जब कई राज्यों में चुनावी गतिविधियां तेज हो रही हैं। पार्टी कार्यक्रमों या नेताओं से मुलाकात के दौरान कार्यकर्ताओं की ओर से उपहार देने की परंपरा रहती है। इनमें महंगे सामान के साथ सोने-चांदी के मुकुट भी शामिल हो सकते हैं।
महंगे गिफ्ट लेने से गलत संदेश की आशंका
BJP नेतृत्व का कहना है कि सार्वजनिक जीवन में सक्रिय लोगों के महंगे उपहार स्वीकार करने से कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच अलग तरह का संदेश जा सकता है। इसलिए पार्टी नेताओं को ऐसे उपहारों से दूरी बनाए रखने के लिए कहा गया है।
नबीन ने नेताओं को यह भी संदेश दिया कि यदि कोई व्यक्ति महंगा गिफ्ट देने पर अड़ा रहता है तो उसे आग्रहपूर्वक वापस कर दें।
बंगाल दौरे पर संगठन की समीक्षा
BJP अध्यक्ष नितिन नबीन इन दिनों पश्चिम बंगाल के संगठनात्मक दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, सांसदों, जिला स्तर के नेताओं, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रमुखों और IT एवं सोशल मीडिया से जुड़े पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लिया।
इससे पहले नबीन उत्तर प्रदेश में भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर बैठकें कर चुके हैं।



