Pratapgarh News: मिलावट के खिलाफ खाद्य विभाग की छापेमारी, दूध-खोया समेत 14 नमूने जांच को भेजे

Pratapgarh News: Food Department raids against adulteration; 14 samples, including milk and khoya, sent for testing.

Pratapgarh News:खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य विभाग ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक छापेमार अभियान चलाया। सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 अभय कुमार सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने रेस्टोरेंट, बेकरी, मिष्ठान एवं डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कुल 14 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए।

अभियान के दौरान लालगंज स्थित विजय बंजारा रेस्टोरेंट एंड कैफे तथा विश्वनाथगंज बस स्टॉप स्थित गुप्ता स्वीट्स हाउस का निरीक्षण किया गया। गुप्ता स्वीट्स हाउस से रिफाइंड सोयाबीन ऑयल का नमूना लिया गया।

पट्टी क्षेत्र में मंगलम बेकरी से चॉकलेट ट्रीट और आइसक्रीम अप चोकोबार (वादीलाल ब्रांड) तथा अन्नपूर्णा बेकरी से क्रीमबेल ब्रांड चोकोक्रंच का नमूना संग्रहित किया गया। नगर पालिका परिषद क्षेत्र में चौक स्थित चाय-पानी रेस्टोरेंट और अंबेडकर चौराहा स्थित अजय दूध डेयरी से एक-एक दूध के नमूने लिए गए। चौक स्थित खोया मंडी से खोया के दो नमूने भी जांच के लिए भेजे गए।

रानीगंज क्षेत्र में चिरकुट्टी स्थित अभिषेक दूध संग्रह केंद्र से मिश्रित दूध, देवगढ़ कमासिन स्थित डीएस यादव दूध संग्रह केंद्र से भैंस के दूध तथा गौरा रानीगंज स्थित फतनपुर दुग्ध उत्पादन एसोसिएशन से भैंस के दूध का नमूना लिया गया।

इसके अलावा रामापुर रानीगंज स्थित संजय ट्रेडर्स से सत्वम गाय के घी (ब्रांड-ब्रिटानिया), रानीगंज स्थित उमेश कुमार वीएलसी सामर्थया डेयरी से मिश्रित दूध तथा सुनील गुप्ता वीएलसी सामर्थया डेयरी से मिश्रित दूध के नमूने संग्रहित किए गए।

खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार सभी 14 नमूनों को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रोशन सिंह, संतोष कुमार दुबे, डॉ. संजय यादव, कुमार नन्हकू, शहाब उद्दीन सिद्दीकी एवं डॉ. शमशुन नेहा शामिल रहे।

Read Also-Pratapgarh News: चकबंदी विभाग की जन चौपाल में 25 वादों का निस्तारण, ग्रामीणों को दी गई जागरूकता

Show More

Related Articles

Back to top button