
Pratapgarh News:सावन माह के प्रथम पारंपरिक मंगलवार को प्रसिद्ध पांडवकालीन भयहरण नाथ धाम में आयोजित मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से हो रही रिमझिम बारिश के बावजूद शिवभक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। दिनभर श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते रहे।
दोपहर बाद मौसम साफ होने के साथ ही ध्वज-पताका चढ़ाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी। मंदिर परिसर और मेले में देर शाम तक भक्तों का आवागमन बना रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का माहौल देखने को मिला।
मेला समिति के महासचिव समाज शेखर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सुबह पांच बजे से ही मेला कंट्रोल रूम, अस्थायी पुलिस चौकी तथा स्वयंसेवक अपने-अपने दायित्वों पर तैनात हो गए थे। मुख्य मंदिर सहित सभी मंदिरों में पुजारियों और सेवकों ने दर्शन-पूजन एवं जलाभिषेक की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की।
मेले में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शरबत, रोट प्रसाद, कढ़ी-चावल सहित अन्य प्रसाद का वितरण भी किया गया। प्रशासन की ओर से मेला मजिस्ट्रेट रामानुज पांडेय के निर्देशन में राजस्व विभाग और पुलिस टीम पूरे मेले के दौरान सक्रिय रही। स्थायी चौकी प्रभारी सुशील कटियार के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी गई।
कार्यालय प्रभारी नीरज मिश्र, स्वच्छता सहायक राजकुमार गौतम तथा मेला एवं मंदिर उपसमिति के सदस्यों ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण माहौल में दर्शन-पूजन कर मेले की धार्मिक परंपरा को उत्साहपूर्वक निभाया।
रिपोर्ट उमेश पाण्डेय जिला संवाद दाता यूनाईटेड भारत
Read Also-Bollywood News: ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का पहला गाना ‘दो नंबरी’ रिलीज



