Pratapgarh Mritak Ashrit Bharti 2026: प्रतापगढ़ में मृतक आश्रित भर्ती से दो महिलाओं को मिली सरकारी नौकरी, डीएम ने दिए नियुक्ति पत्र

दिवंगत ग्राम पंचायत अधिकारियों की पत्नियों को मिली नियुक्ति, डीएम बोले- ईमानदारी और पारदर्शिता से करें जनसेवा

Pratapgarh Mritak Ashrit Bharti 2026: प्रतापगढ़ में मृतक आश्रित भर्ती नियमावली के तहत दो महिलाओं को ग्राम पंचायत अधिकारी पद पर नियुक्ति प्रदान की गई है। शुक्रवार को जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने अपने कैम्प कार्यालय में दोनों अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने नव नियुक्त अधिकारियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा ग्रामीण विकास एवं जनसेवा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।

जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप मृतक आश्रित भर्ती व्यवस्था का उद्देश्य दिवंगत सरकारी कर्मचारियों के आश्रितों को कठिन परिस्थितियों में आर्थिक और सामाजिक संबल प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल रोजगार नहीं बल्कि जनता की सेवा का माध्यम है, इसलिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करें।

जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकान्त दर्वे ने बताया कि विकास खंड सदर में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी स्वर्गीय अविनाश कुमार मिश्र का 27 अप्रैल 2026 को आकस्मिक निधन हो गया था। इसके बाद उनकी पत्नी अंकिता मिश्रा ने मृतक आश्रित भर्ती के तहत आवेदन किया। नियमानुसार परीक्षण के बाद उन्हें ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर अस्थायी नियुक्ति प्रदान की गई।

Pratapgarh Kanwar Yatra 2026: कांवड़ यात्रा को लेकर प्रतापगढ़ प्रशासन अलर्ट, डीएम ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के दिए सख्त निर्देश

इसी प्रकार विकास खंड बाबागंज में कार्यरत ग्राम पंचायत अधिकारी स्वर्गीय नागेन्द्र कुमार सरोज का 11 जुलाई 2026 को आकस्मिक निधन हो गया था। उनकी पत्नी दीक्षा सरोज ने भी मृतक आश्रित के रूप में आवेदन किया। सभी आवश्यक औपचारिकताएं और नियमानुसार परीक्षण पूरा होने के बाद उन्हें भी ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर अस्थायी नियुक्ति प्रदान की गई।

जिला प्रशासन ने बताया कि मृतक आश्रित भर्ती व्यवस्था का उद्देश्य दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को कठिन समय में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना और उन्हें सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराना है।

रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत।

Show More

Related Articles

Back to top button