India Post GDS: डाक विभाग में निकली बंपर भर्ती, 21 सितंबर तक पूरा करें आवेदन, बिना परीक्षा होगा चयन

India Post GDS: 10वीं पास युवाओं के लिए डाक विभाग में नौकरी का शानदार अवसर है। जिन अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कर लिया है, वे 21 सितंबर शाम 5 बजे तक आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

India Post GDS: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। इंडिया पोस्ट ने ग्रामीण डाक सेवक (GDS) के 23,757 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। जिन उम्मीदवारों ने पहले ही रजिस्ट्रेशन कर लिया है, वे 21 सितंबर शाम 5 बजे तक आवेदन फॉर्म भरकर जमा कर सकते हैं।

10वीं पास उम्मीदवारों को मौका

इस भर्ती के लिए किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है। अभ्यर्थी के पास गणित और स्थानीय भाषा का ज्ञान भी होना चाहिए। आवेदन करने वाले उम्मीदवार की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।

बिना परीक्षा होगा चयन

इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि उम्मीदवारों को किसी लिखित परीक्षा में शामिल नहीं होना होगा। चयन पूरी तरह 10वीं कक्षा के अंकों के आधार पर तैयार की जाने वाली मेरिट सूची से किया जाएगा।

आवेदन शुल्क कितना है?

सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है। वहीं महिला, एससी, एसटी, दिव्यांग और ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों को शुल्क में छूट दी गई है।

किन राज्यों में सबसे ज्यादा पद?

भर्ती के तहत महाराष्ट्र, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, झारखंड, केरल, ओडिशा और कर्नाटक समेत कई राज्यों में पद भरे जाएंगे। सबसे अधिक रिक्तियां महाराष्ट्र और तमिलनाडु में हैं।

आवेदन कैसे करें?

उम्मीदवार इंडिया पोस्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लॉगिन करें। इसके बाद आवेदन फॉर्म में जरूरी जानकारी भरें, दस्तावेज अपलोड करें और आवश्यक शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट कर दें। आवेदन में सुधार के लिए 23 और 24 सितंबर को करेक्शन विंडो भी उपलब्ध रहेगी।

written by Siddhi Srivastava
Show More

Related Articles

Back to top button