
Shiva Sharma Murder Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस मामले में नए और चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। इस हत्याकांड में गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे को लेकर पुलिस पूछताछ में कई गंभीर आरोप सामने आए हैं। पुलिस जांच के मुताबिक, श्रद्धा अपनी बहन रश्मि दुबे और कुछ करीबियों के साथ मिलकर कथित तौर पर एक ऐसा गिरोह चला रही थी, जिसके निशाने पर अमीर परिवारों के युवक रहते थे। आरोप है कि पहले युवकों से दोस्ती की जाती थी, फिर उन्हें अपने प्रभाव में लेकर उनका आर्थिक और मानसिक शोषण किया जाता था। कारोबारी शिवा शर्मा भी इसी कथित जाल में फंस गए थे।
हुक्का बार में अमीर युवकों को बनाती थी निशाना
पुलिस पूछताछ में सामने आई जानकारी के मुताबिक, श्रद्धा दुबे और उसका गिरोह हर रात लखनऊ के विभूतिखंड स्थित किसान बाजार के एक कैफे में पहुंचता था। यहां हुक्का पार्टी के दौरान अमीर परिवारों के युवकों को चिन्हित किया जाता था। आरोप है कि इसके बाद उनसे दोस्ती बढ़ाकर उन्हें अपने प्रभाव में लेने की कोशिश की जाती थी।
पुलिस के अनुसार, कारोबारी शिवा शर्मा और श्रद्धा दुबे की पहली मुलाकात भी इसी कैफे में हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और शिवा श्रद्धा के करीब आते चले गए। आरोप है कि इसके बाद श्रद्धा ने उनका इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। यहां तक कि शिवा से अपने पैर दबवाने जैसी बातें भी सामने आई हैं।
आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप
जांच में एक और गंभीर बात सामने आई है। आरोप है कि श्रद्धा ने शिवा शर्मा के कई आपत्तिजनक वीडियो बना रखे थे। इन वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था और लगातार दबाव में रखा जाता था। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इन वीडियो का इस्तेमाल किस तरह किया गया और इस पूरे घटनाक्रम में अन्य आरोपियों की क्या भूमिका थी।
पुलिस के मुताबिक, यह मामला केवल पैसों के लेनदेन तक सीमित नहीं था, बल्कि इसमें मानसिक दबाव और प्रताड़ना के भी गंभीर आरोप हैं।
कपड़े उतरवाकर शरीर पर पोती लिपस्टिक, जबरन कराया डांस
शिवा शर्मा हत्याकांड में सबसे चौंकाने वाला खुलासा वारदात वाले दिन की कथित प्रताड़ना को लेकर हुआ है। पुलिस जांच के अनुसार, शिवा को कई घंटों तक मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया था।
आरोप है कि उनके कपड़े उतरवाए गए और शरीर पर लिपस्टिक पोती गई। इसके बाद श्रद्धा की बहन रश्मि दुबे, करीबी साथी आमिर और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश के सामने उन्हें जबरन डांस करने के लिए मजबूर किया गया। पुलिस के सामने आए इन आरोपों ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस प्रताड़ना में किस आरोपी की कितनी भूमिका थी।
पेन ड्राइव में रखती थी रसूखदार लोगों की तस्वीरें
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा दुबे बड़े और प्रभावशाली लोगों के साथ अपनी पार्टियों की तस्वीरें एक पेन ड्राइव में सुरक्षित रखती थी। आरोप है कि इन तस्वीरों को दिखाकर वह दूसरों के सामने अपना रसूख और प्रभाव प्रदर्शित करती थी।
इतना ही नहीं, बड़े अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों से कथित नजदीकियों का हवाला देकर लोगों पर दबाव बनाने की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, इसी कथित रसूख का इस्तेमाल करते हुए श्रद्धा ने पहले हजरतगंज थाने में भी एक एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसकी परिस्थितियों और तथ्यों की जांच की जा रही है।
श्रद्धा, रश्मि और ड्राइवर की न्यायिक हिरासत 13 नवंबर तक बढ़ी
इस मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश को सीजेएम कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया। अदालत ने तीनों की न्यायिक हिरासत 13 नवंबर तक बढ़ा दी है।
सुनवाई के दौरान श्रद्धा दुबे ने जेल में अपने वकील से मुलाकात के लिए अधिक समय देने और अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश किए जाने की मांग की। हालांकि, जब न्यायाधीश ने उससे इस मांग का कारण पूछा, तो वह कोई जवाब नहीं दे सकी। अदालत ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर उसे व्यक्तिगत रूप से पेश किया जाएगा।
Business News: ऑनलाइन कारोबार पर रिलायंस रिटेल का बड़ा दांव, एनालिस्टों ने भी दिखाई हरी झंडी
कैफे संचालक और आमिर फरार, पुलिस की तलाश जारी
हत्याकांड की जांच के दौरान किसान बाजार स्थित उस कैफे का संचालक भी पुलिस के रडार पर आ गया है, जहां कथित तौर पर युवकों को निशाना बनाने की योजना बनाई जाती थी। खुलासे के बाद कैफे संचालक दुकान बंद कर फरार हो गया है।
वहीं, इस मामले में आरोपी आमिर भी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उस पर शिवा शर्मा को प्रताड़ित करने और वारदात के बाद नेपाल भगाने में मदद करने का आरोप है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
फिलहाल लखनऊ का यह हाईप्रोफाइल हत्याकांड कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा था, इसके निशाने पर और कौन-कौन लोग थे और शिवा शर्मा की हत्या की पूरी साजिश कैसे रची गई। आने वाले दिनों में जांच के दौरान इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।



