Lucknow News-केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को धमकी के बाद लखनऊ में गरमाया मामला

Lucknow News – Situation heats up in Lucknow following threats to Union Minister Chirag Paswan.

Lucknow News-लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय कैबिनेट मंत्री चिराग पासवान को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अश्वनी श्रीवास्तव, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेश कुमार, विकास पांडेय सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

चिराग पासवान की सुरक्षा बढ़ाने की मांग

प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार दौरा प्रस्तावित है। पार्टी की ओर से कई स्थानों पर बड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। ऐसे में धमकी के मामले को देखते हुए उनकी सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि डीजीपी को दिए गए ज्ञापन के माध्यम से सरकार और पुलिस प्रशासन से केंद्रीय मंत्री को पर्याप्त एवं पुख्ता सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।

सुरक्षा में चूक हुई तो आंदोलन की चेतावनी

राजीव पासी ने कहा कि चिराग पासवान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के साथ केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री भी हैं। उनकी सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा में किसी तरह की चूक सामने आती है तो पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।

उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

आरक्षण को लेकर भी रखी पार्टी की बात

ज्ञापन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने आरक्षण के मुद्दे पर भी पार्टी का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के संस्थापक और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान ने लंबे समय तक वंचित और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई।

राजीव पासी ने कहा कि आरक्षण किसी की कृपा या खैरात नहीं है, बल्कि दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों को संविधान से मिला अधिकार है। उन्होंने कहा कि लोजपा (रामविलास) सामाजिक न्याय और आरक्षण के मुद्दे पर आगे भी अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।

Read Also-Pratapgarh News-महेशगंज पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, टिल्लू पंप के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट: निखिल श्रीवास्तव

Show More

Related Articles

Back to top button