Pratapgarh News-महेशगंज पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, टिल्लू पंप के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

Pratapgarh News: Maheshganj police solve theft case; two accused arrested with a water pump.

Pratapgarh News-महेशगंज थाना पुलिस ने चोरी की एक घटना का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया टिल्लू पंप/मोटर भी बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में की गई।

पुलिस के अनुसार, ग्राम परान का पुरवा, हीरागंज निवासी वीरेंद्र प्रताप सिंह के ट्यूबवेल के कमरे में 29 अगस्त 2026 की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। चोरों ने पहले कमरे का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन ताला नहीं टूटने पर खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां से 2 एचपी की किर्लोस्कर कंपनी की मोटर/टिल्लू पंप चोरी कर लिया।

घटना के संबंध में वादी की तहरीर पर 1 सितंबर 2026 को थाना महेशगंज में मुकदमा संख्या 219/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले के शीघ्र खुलासे के लिए सुरागरसी-पतारसी के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

मुखबिर की सूचना पर दो गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी महेशगंज संदीप त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 2 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पूरे किशुनी-बाघराय नहर मार्ग के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशनू सरोज पुत्र रामाश्रय सरोज, उम्र करीब 20 वर्ष और अमन सरोज पुत्र हीरालाल सरोज, उम्र करीब 22 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम परान का पुरवा, थाना महेशगंज, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी किया गया एक टिल्लू पंप/मोटर बरामद किया।

बेचने की तैयारी में थे आरोपी

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने 29 अगस्त की रात वीरेंद्र सिंह के ट्यूबवेल स्थित कमरे से टिल्लू पंप चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी किए गए पंप को बेचने के लिए ले जा रहे थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

बरामद टिल्लू पंप किर्लोस्कर ब्रदर्स ग्रुप प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का है। इसका मॉडल नंबर KDS-212N LV और सीरियल नंबर A18BRL001537 बताया गया है। पुलिस ने मिलान के बाद बरामद पंप को इसी मुकदमे से संबंधित पाया। चोरी की संपत्ति बरामद होने के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

चोरी की घटना का खुलासा करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संतोष कुमार के साथ हेड कांस्टेबल सत्यपाल यादव, कांस्टेबल सुनील कुमार, अनिल राजपूत, अजीत यादव और रिजर्व कांस्टेबल राकेश यादव शामिल रहे।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी समेत अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और मामलों के शीघ्र खुलासे के लिए अभियान लगातार जारी है।

रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाईटेड भारत

Read Also-Mau News-घोसी के विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर विजय राजभर ने CM को लिखा पत्र

Show More

Related Articles

Back to top button