Lalganj Ambedkar Barat Ghar Bhoomi Pujan: लालगंज में 2.86 करोड़ की लागत से बनने वाले अंबेडकर बारात घर का हुआ भूमिपूजन

विधायक आराधना मिश्रा 'मोना' और सांसद प्रमोद तिवारी की सौगात, गरीब परिवारों को विवाह समारोह के लिए मिलेगी आधुनिक सुविधा

Lalganj Ambedkar Barat Ghar Bhoomi Pujan: जिले के लालगंज नगर पंचायत क्षेत्र में सोमवार को विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। नगर पंचायत के सलेम भदारी वार्ड स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में करीब 2 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अंबेडकर बारात घर का विधिवत भूमिपूजन एवं शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। इस परियोजना को क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ तथा राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी की पहल पर स्वीकृति मिली है।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष अनीता द्विवेदी तथा विधायक प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी ने संयुक्त रूप से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बारात घर की आधारशिला रखी। समारोह की शुरुआत चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी ने अंबेडकर जन कल्याण सेवा समिति के पदाधिकारियों के साथ भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की।

इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी ने कहा कि विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ और सांसद प्रमोद तिवारी द्वारा क्षेत्र को दी गई यह सौगात विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। उन्होंने कहा कि बारात घर बनने से गरीब परिवारों को विवाह एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर और आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उन पर आर्थिक बोझ भी कम होगा।

चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी ने बताया कि अंबेडकर बारात घर के निर्माण के साथ-साथ डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क के सौंदर्यीकरण का कार्य भी अगले पंद्रह दिनों के भीतर शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख इंजीनियर अमित प्रताप सिंह रहे। वहीं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी इंद्र प्रताप ने बारात घर में प्रस्तावित आधुनिक सुविधाओं की जानकारी देते हुए कहा कि भवन का निर्माण जनसुविधाओं को ध्यान में रखकर कराया जाएगा।

Pratapgarh UP SI Satya Jaiswal: प्रतापगढ़ की सत्या जायसवाल बनीं यूपी SI, समाजसेवी डॉ. आशुतोष त्रिपाठी ने किया सम्मानित

कार्यक्रम की अध्यक्षता चेयरपर्सन अनीता द्विवेदी ने की, जबकि संचालन अधिवक्ता ज्ञान प्रकाश शुक्ल ने किया। सभासद मो. जावेद ने अतिथियों का स्वागत किया और सह-संयोजक पवन शुक्ला ने आभार व्यक्त किया।

इस दौरान संयुक्त अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेशचंद्र तिवारी, छोटेलाल सरोज, दीपू सरोज, प्रमोद सरोज, रामलखन जायसवाल, भगवताचार्य विनय शुक्ल सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे। नगर पंचायत के प्रधान लिपिक अनिकेत दुबे एवं सभासदों ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।

समारोह में इंजीनियर सुनील पाण्डेय, पप्पू तिवारी, शैलेन्द्र मिश्र, रामचंद्र तिवारी, एबादुर्रहमान, कैलाशनाथ तिवारी, शेरू खां, पन्नेलाल पाल, बबलू तिवारी, अवनीश शुक्ला, मोनू पाण्डेय, मुस्ताक अहमद समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में विधायक और सांसद की ओर से मिली इस विकास परियोजना को लेकर उत्साह और प्रसन्नता का माहौल देखने को मिला।

(रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत)

Show More

Related Articles

Back to top button