Ghuisarnath Temple Kanwar Yatra Security: कांवड़ यात्रा को लेकर एसपी दीपक भूकर ने बाबा घुइसरनाथ मंदिर परिसर का किया निरीक्षण

श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था का लिया जायजा, पुलिस अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

Ghuisarnath Temple Kanwar Yatra Security: श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर ने सोमवार को थाना सांगीपुर क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बाबा घुइसरनाथ मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय तथा क्षेत्राधिकारी लालगंज राजीव द्विवेदी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंदिर परिसर, कांवड़ियों के आवागमन मार्ग, प्रवेश एवं निकास द्वार, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा संबंधी तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।

पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी अधिकारी पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए।

एसपी दीपक भूकर ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को लगातार भ्रमणशील रहने, कांवड़ यात्रा मार्ग पर कड़ी निगरानी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं लावारिस वस्तुओं पर विशेष नजर बनाए रखने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ प्रबंधन और यातायात संचालन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनी रहे।

BSP Pratapgarh Review Meeting: प्रतापगढ़ में बसपा की समीक्षा बैठक, प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल की मौजूदगी में दर्जनों लोगों ने थामी पार्टी की सदस्यता

निरीक्षण के दौरान स्थानीय पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा भी की गई और आवश्यक सुधार संबंधी सुझाव दिए गए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान मंदिर परिसर और यात्रा मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा आधुनिक निगरानी व्यवस्था के माध्यम से पूरे आयोजन पर नजर रखी जाएगी।

प्रतापगढ़ पुलिस ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

(रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत)

Show More

Related Articles

Back to top button