
Keshav Prasad Maurya: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) पिछड़ों और ब्राह्मणों की पार्टी नहीं, बल्कि गुंडों, अपराधियों, माफियाओं, दंगाइयों, भ्रष्टाचारियों की पार्टी है। रोज़ाना बयान बदलकर जनता को भ्रमित करने की राजनीति अब नहीं चलेगी। साल 2027 से साल वर्ष 2047 तक ब्राह्मण, पिछड़ा और दलित समाज सपा के झूठे नारों की बैसाखियों पर नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और विकास की राजनीति के साथ खड़ा होगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा बहादुर अखिलेश यादव ने अपने पीडीए को एक ऐसी पहेली में तब्दील कर दिया है, जो गिरगिट की तरह हर क्षण तेज़ी से अपना रंग बदलती है। कभी पी से पिछड़ा, कभी पी से पीड़ित, तो कभी पी से पंडित। दरअसल, इस अठखेली में उनका पीडीए और कुछ नहीं, बल्कि परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी है, जिसका मक्का-मदीना केवल सैफई है।
मानसून सत्र में संसदीय लोकतंत्र की गौरवशाली परम्पराओं का हुआ सम्मान
उपमुख्यमंत्री एवं विधान परिषद में नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य ने विधान परिषद के मानसून सत्र-2026 के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुपूरक बजट सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में पारित होने के लिए सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह और सदन के सभी सदस्यों को बधाई एवं धन्यवाद दिया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विधान परिषद के सभापति ने अपने व्यापक संसदीय अनुभव एवं कुशल नेतृत्व से सदन के दोनों पक्षों के मध्य संतुलन स्थापित करते हुए सभी सदस्यों को अपने विचार रखने का समुचित अवसर प्रदान किया। उनके अनुभव एवं मार्गदर्शन में सत्र में संसदीय लोकतंत्र की गौरवशाली परम्पराओं का सम्मान हुआ है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 5 अगस्त का दिन भारत के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण एवं गौरवपूर्ण है। इसी दिन वर्ष 2019 में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 एवं अनुच्छेद 35-ए के प्रावधानों को समाप्त करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया था।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रभावी प्रयासों से जम्मू-कश्मीर आज विकास, शांति, समृद्धि और राष्ट्रीय एकात्मता की नई धारा से जुड़ रहा है। आज देश के अन्य राज्यों की भांति जम्मू-कश्मीर के घर-घर पर भी शान से तिरंगा लहरा रहा है।
उन्हाेंने कहा कि 5 अगस्त 2020 को भगवान श्रीरामलला के पावन जन्मस्थान पर भव्य एवं दिव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण हेतु भूमि पूजन एवं शिलान्यास का ऐतिहासिक कार्यक्रम संपन्न हुआ था। उन्होंने इस अवसर पर देश एवं प्रदेश के समस्त रामभक्तों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अपना दल के नेता एवं मंत्री आशीष पटेल , निषाद पार्टी के नेता संजय कुमार निषाद, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के नेता अक्षय प्रताप सिंह , सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता विच्छे लाल राम, राष्ट्रीय लोकदल के नेता योगेश चौधरी व निर्दलीय समूह के नेता राज बहादुर सिंह चंदेल सहित सदस्यों ने सदन की गरिमा के अनुरूप अपने विचार रखे तथा संसदीय लोकतंत्र की गौरवशाली परंपराओं का निर्वहन किया।



