Amrit Bharat Express : जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस 21 जून से शुरू, अश्विनी वैष्णव दिखाएंगे हरी झंडी

Amrit Bharat Express : 21 जून 2026 से जयपुर (खातीपुरा)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन चलेगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।

Amrit Bharat Express : राजस्थान और बिहार के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में भारतीय रेलवे एक बड़ी सौगात देने जा रहा है। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव 21 जून 2026 को जयपुर (खातीपुरा) से दरभंगा के लिए नई अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन संचालित होगी।

नई रेल सेवा के शुरू होने से राजस्थान और बिहार के बीच यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और आरामदायक होगी। रोजगार, शिक्षा, व्यापार और पारिवारिक कारणों से यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

राजस्थान और बिहार के बीच बेहतर होगी कनेक्टिविटी

रेल मंत्रालय के अनुसार, वर्तमान में अजमेर से दरभंगा के बीच केवल साप्ताहिक ट्रेन संचालित होती है। अब जयपुर (खातीपुरा)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन चलेगी, जिससे यात्रियों को अधिक विकल्प और बेहतर सुविधा मिलेगी।

जयपुर अपनी सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन और औद्योगिक विकास के लिए प्रसिद्ध है, जबकि दरभंगा मिथिला संस्कृति, शिक्षा और ऐतिहासिक महत्व का प्रमुख केंद्र है। नई ट्रेन दोनों राज्यों के बीच आर्थिक गतिविधियों, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा देगी।

इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ट्रेन का ठहराव

जयपुर (खातीपुरा)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव दौसा, बांदीकुई, मंडावर महुवा रोड, भरतपुर, ईदगाह (आगरा), टूंडला, इटावा, कानपुर सेंट्रल, उन्नाव, ऐशबाग, गोमतीनगर, बाराबंकी, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल, बैरगनियां, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड और कमतौल स्टेशनों पर होगा।

इन स्टेशनों से जुड़े क्षेत्रों के यात्रियों को इस नई सेवा का सीधा लाभ मिलेगा।

खातीपुरा में बनेगा अत्याधुनिक मेंटेनेंस हब

रेल मंत्रालय ने बताया कि इस ट्रेन का प्राथमिक अनुरक्षण (Primary Maintenance) खातीपुरा के नव-निर्मित कोच केयर कॉम्पलेक्स (फेज-2) में किया जाएगा।

करीब 205 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस अत्याधुनिक कोच केयर कॉम्पलेक्स में वंदे भारत, एलएचबी रेक, डेमू सहित विभिन्न प्रकार की ट्रेनों का अनुरक्षण एक ही स्थान पर किया जा सकेगा। आधुनिक तकनीक से लैस यह सुविधा रेलवे की सुरक्षा, गुणवत्ता और अनुरक्षण क्षमता को और मजबूत करेगी, जिससे भविष्य में इस क्षेत्र से अधिक ट्रेनों के संचालन का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

बीकानेर-अहमदाबाद नई ट्रेन को भी मिलेगी हरी झंडी

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 21 जून को सुबह बीकानेर-अहमदाबाद नई दैनिक रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। एक ही दिन दो नई रेल सेवाओं की शुरुआत से राजस्थान की रेल कनेक्टिविटी को बड़ा विस्तार मिलेगा।

Show More

Related Articles

Back to top button