
Avadheshwar Nath Dham Inspection 2026: पवित्र श्रावण माह और कांवड़ यात्रा को लेकर प्रतापगढ़ पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस महानिरीक्षक, प्रयागराज परिक्षेत्र अजय कुमार मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के साथ थाना हथिगवां क्षेत्र स्थित अवधेश्वर नाथ धाम का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान आईजी ने मंदिर परिसर, दर्शन मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, पुलिस ड्यूटी प्वाइंट, सीसीटीवी निगरानी, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।
आईजी अजय कुमार मिश्रा ने महिला सुरक्षा, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों तथा संवेदनशील स्थलों पर पुलिस की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रावण माह के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ यातायात संचालन भी सुचारु रहना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण और संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय, क्षेत्राधिकारी कुंडा शिवनारायण वैस सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत।



