
H1N1 Investigation: राजधानी में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू संक्रमण के मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जांच को लेकर बड़ा फैसला लिया है। निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी केंद्रों में स्वाइन फ्लू की RT-PCR जांच के लिए अधिकतम ₹3,000 शुल्क निर्धारित किया गया है। अब इससे अधिक राशि मरीजों से नहीं वसूली जा सकेगी।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, PGI में H1N1 की RT-PCR जांच का शुल्क ₹2,400 है। इसी शुल्क को आधार मानते हुए निजी क्षेत्र के लिए जांच की अधिकतम दर तय की गई है। निर्धारित दर राजधानी के सभी निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी केंद्रों पर लागू होगी।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) की अध्यक्षता में निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेदांता, अपोलोमेडिक्स, मैक्स, चंदन, RML, खन्ना, चरक, लाल पैथलैब और नारायण डायग्नोस्टिक समेत कई प्रमुख संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
स्वास्थ्य विभाग के इस फैसले का उद्देश्य H1N1 की जांच के नाम पर होने वाली मनमानी वसूली पर रोक लगाना है। अब यदि कोई निजी अस्पताल या पैथोलॉजी केंद्र निर्धारित ₹3,000 से अधिक शुल्क लेता है, तो मरीज उसके खिलाफ शिकायत कर सकेंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने निजी जांच केंद्रों को निर्धारित दर का पालन करने के निर्देश दिए हैं। H1N1 संक्रमण के बीच जांच की दर तय होने से मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिलने की उम्मीद है।



