Crime News: प्रॉपर्टी के लालच में DU की महिला प्रोफेसर की हत्या, बंगाल से पति-पत्नी गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सुलझाया सनसनीखेज हत्याकांड, किरायेदार दंपत्ति पर हत्या का आरोप

Crime News: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के शिवाजी कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर देवोस्मिता पॉल की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पश्चिम बंगाल के एक दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे प्रॉपर्टी विवाद मुख्य वजह थी। आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के वर्धमान निवासी पति-पत्नी के रूप में हुई है, जो मृतका की संपत्ति में किरायेदार के तौर पर रह रहे थे।

प्रॉपर्टी पर कब्जे की थी साजिश

पुलिस के अनुसार, देवोस्मिता पॉल के नाना की पश्चिम बंगाल में एक संपत्ति थी, जिसमें आरोपी दंपत्ति किराए पर रह रहे थे। आरोप है कि दोनों उस संपत्ति को अपने नाम कराने का दबाव बना रहे थे। जब उनकी मंशा पूरी नहीं हुई तो उन्होंने हत्या की साजिश रच डाली।

बताया जा रहा है कि वारदात वाले दिन दोनों आरोपी अपने बच्चे के साथ पश्चिम बंगाल से दिल्ली पहुंचे। बच्चे के साथ आने के कारण किसी को उन पर शक नहीं हुआ और वे आसानी से सोसायटी में प्रवेश कर गए। इसके बाद उन्होंने अपने साथ लाए हथियार से प्रोफेसर की हत्या कर दी।

4 जून को सामने आया था मामला

यह मामला 4 जून की दोपहर सामने आया था। पुलिस को पीसीआर कॉल के माध्यम से सूचना मिली कि वसुंधरा एन्क्लेव स्थित सत्यम अपार्टमेंट के एक फ्लैट में महिला का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ है।

सूचना देने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि फ्लैट में उसकी बहन मृत अवस्था में पड़ी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका की पहचान 45 वर्षीय देवोस्मिता पॉल के रूप में की, जो दिल्ली विश्वविद्यालय के शिवाजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर थीं।

घर में नहीं हुई थी लूटपाट

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि प्रोफेसर के हाथ की नस कटी हुई थी। हालांकि घर में किसी भी प्रकार की लूटपाट के संकेत नहीं मिले। फ्लैट में मौजूद नकदी, आभूषण और अन्य कीमती सामान सुरक्षित पाए गए।

इससे पुलिस को शुरुआती जांच में ही यह अंदेशा हो गया था कि हत्या का मकसद चोरी नहीं बल्कि कोई व्यक्तिगत या संपत्ति से जुड़ा विवाद हो सकता है।

Crime News: Twisha Sharma Case!गवाह पर हमले के आरोप से बढ़ी हलचल, नीरज दुबे ने लगाए गंभीर आरोप

सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग

दिल्ली पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

लगातार छापेमारी और जांच के बाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल से आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

48 घंटे में सुलझा हाई-प्रोफाइल मर्डर केस

दिल्ली पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के चलते यह हाई-प्रोफाइल हत्याकांड महज दो दिनों में सुलझा लिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में जुटाए गए साक्ष्य बेहद मजबूत हैं और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

देवोस्मिता पॉल की हत्या ने शिक्षा जगत और दिल्ली विश्वविद्यालय समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। वहीं, इस मामले के खुलासे के बाद एक बार फिर संपत्ति विवादों से जुड़े अपराधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Written By: Ekta Verma

Show More

Related Articles

Back to top button