UP Pratapgarh News: विकास भवन में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय की पहली बैठक, पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन पर दिया जोर

विकास भवन सभागार में अधिकारियों संग की परिचयात्मक बैठक

UP Pratapgarh News: जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने विकास भवन सभागार में अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में उपस्थित समस्त अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया।

बैठक में उन्होंने पारदर्शी, संवेदनशील और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन पर जोर देते हुए शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने और शिकायतों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि आईजीआरएस की शिकायतों का निस्तारण खानापूर्ति के रूप में न किया जाए, बल्कि लाभार्थियों का फीडबैक प्राप्त कर शिकायतों का निस्तारण किया जाए, जिससे शिकायतकर्ता संतुष्ट हो सके।

उन्होंने निर्देशित किया कि कार्यालयों में जनप्रतिनिधियों का एक अलग रजिस्टर बनाया जाए, जिसमें उनकी प्राप्त शिकायतों को अंकित कर उनका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जा सके।

उन्होंने जनपद में ई-ऑफिस संचालन, जनगणना, सीएम डैशबोर्ड एवं जीरो टॉलरेंस नीति के संबंध में विशेष दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने गौशाला, आशा एवं एएनएम के भुगतान, सामूहिक विवाह, पेंशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, शौचालय एवं ग्रामीण पुस्तकालय सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के संबंध में अधिकारियों से फीडबैक प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

UP Pratapgarh News: प्रतापगढ़ में 14 मई को धर्म और भक्ति का महासंगम, रामभद्राचार्य समेत कई संत करेंगे शिरकत

जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित पुस्तकालयों में शौचालय, बिजली, पानी, नेट कनेक्टिविटी एवं यूपीएस जैसी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शिक्षा प्राप्त हो सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निडर होकर नियमानुसार कार्य करें, किसी के दबाव में न आएं और गरीब एवं पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ अवश्य दें। उन्होंने मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने पर जोर दिया।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दिव्या मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) आदित्य प्रजापति, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

(रिपोर्ट : उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत)

Show More

Related Articles

Back to top button