IPL Cricket News: ‘ये क्रिकेट नहीं, तमाशा है’, IPL 2026 पर हर्ष गोयनका का बड़ा हमला

IPL 2026 की टीवी व्यूअरशिप में 26% गिरावट का दावा

IPL Cricket News: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 को लेकर मशहूर उद्योगपति और आरपीजी एंटरप्राइजेज के चेयरमैन Harsh Goenka का बयान चर्चा का विषय बन गया है। लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका के भाई हर्ष गोयनका ने सोशल मीडिया पर IPL के मौजूदा स्वरूप पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि इस बार टीवी पर IPL देखने वालों की संख्या में 26 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई है।

हर्ष गोयनका ने IPL के लगातार बढ़ते हाई स्कोरिंग मैचों पर निशाना साधते हुए कहा कि हर रात 225 बनाम 225 का स्कोर देखना अब क्रिकेट नहीं बल्कि एक बोरियत भरी प्रदर्शनी बन चुका है। उनका मानना है कि क्रिकेट का असली रोमांच गेंद और बल्ले के बीच बराबरी की टक्कर में होता है, लेकिन मौजूदा दौर में खेल पूरी तरह बल्लेबाजों के पक्ष में झुक गया है।

उन्होंने BCCI को सलाह देते हुए कहा कि यदि IPL की लोकप्रियता को बनाए रखना है तो इम्पैक्ट प्लेयर जैसे नियमों पर दोबारा विचार करना होगा। गोयनका के मुताबिक इस नियम ने खेल का संतुलन बिगाड़ दिया है और गेंदबाजों की भूमिका काफी सीमित होकर रह गई है।

गोयनका ने सिर्फ टीवी व्यूअरशिप में गिरावट की बात नहीं की, बल्कि स्टेडियम में मैच देखने पहुंचने वाले दर्शकों की परेशानियों को भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि खराब टॉयलेट्स, बैठने की असुविधा, खाने-पीने की कमी और प्रवेश-निकासी में अव्यवस्था जैसी समस्याएं फैंस के अनुभव को खराब कर रही हैं।

IPL/Cricket Updates: 243 रन भी नहीं बचा पाए MI को, Rohit Sharma के एक्सप्रेशन ने बयां की टीम की निराशा

उन्होंने सवाल उठाया कि जब दर्शकों को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिलेंगी तो आखिर वे अपना समय और पैसा खर्च करके मैदान में क्यों आएंगे?

हर्ष गोयनका का यह बयान इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि वे IPL फ्रेंचाइजी से जुड़े कारोबारी परिवार का हिस्सा हैं। ऐसे में उनके द्वारा लीग की कमियों को खुलकर उजागर करना BCCI और फ्रेंचाइजी मालिकों के लिए एक बड़ी चेतावनी माना जा रहा है।

अब देखना होगा कि BCCI इस गिरती व्यूअरशिप और दर्शकों की नाराजगी को गंभीरता से लेता है या नहीं। क्रिकेट प्रेमियों के बीच भी अब यह बहस तेज हो गई है कि क्या IPL धीरे-धीरे क्रिकेट से ज्यादा मनोरंजन आधारित तमाशा बनता जा रहा है।

Written By: Anushri Yadav

Show More

Related Articles

Back to top button