
Cricket News:राजधानी दिल्ली में क्रिकेट का रोमांच एक बार फिर लौट आया है। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 का तीसरा सत्र शुक्रवार से प्रतिष्ठित अरुण जेटली स्टेडियम में शुरू होगा। पुरुष वर्ग के उद्घाटन मुकाबले में सेंट्रल दिल्ली किंग्स का सामना पुरानी दिल्ली 6 से होगा।
टूर्नामेंट के पहले मुकाबले से पहले दर्शकों के लिए भव्य उद्घाटन समारोह का आयोजन किया जाएगा। शाम 5:30 बजे से शुरू होने वाले इस समारोह में मशहूर गायक सुनंदा शर्मा और सुखबीर सिंह अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने कहा कि लीग हर सीजन के साथ नई ऊंचाइयों को छू रही है।
उन्होंने कहा, “हमें दिल्ली प्रीमियर लीग के एक और सत्र की शुरुआत करते हुए बेहद खुशी हो रही है। पिछले कुछ वर्षों में इस टूर्नामेंट ने शानदार विकास किया है और खिलाड़ियों, फ्रेंचाइजियों तथा प्रशंसकों का भरपूर समर्थन मिला है। हमें विश्वास है कि इस बार का सीजन और भी रोमांचक होगा, जिसमें उच्च स्तर का क्रिकेट, कांटे के मुकाबले और अरुण जेटली स्टेडियम में शानदार माहौल देखने को मिलेगा। हम बड़ी संख्या में प्रशंसकों के आने और इस टूर्नामेंट का आनंद लेने की उम्मीद करते हैं।”
सेंट्रल दिल्ली किंग्स के कप्तान यश धुल ने कहा कि उनकी टीम पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा, “पिछले कुछ सप्ताह में टीम ने बेहतरीन तैयारी की है और सभी खिलाड़ी नए सीजन को लेकर उत्साहित हैं। हमारे पास अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का अच्छा संतुलन है। हमारा लक्ष्य निडर क्रिकेट खेलना, लगातार अच्छा प्रदर्शन करना और हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देना है।”
वहीं, पुरानी दिल्ली 6 के कप्तान अनुज रावत ने भी टीम के आत्मविश्वास पर भरोसा जताया।
उन्होंने कहा, “दिल्ली प्रीमियर लीग को लेकर हर साल उत्साह बढ़ रहा है और हम अपने अभियान की शुरुआत का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हमने अच्छी तैयारी की है और मजबूत टीम बनाई है। हमारा उद्देश्य सकारात्मक क्रिकेट खेलना, प्रशंसकों का मनोरंजन करना और हर मुकाबले में पूरी ताकत से चुनौती पेश करना है।”
पुरुष वर्ग का टूर्नामेंट 30 अगस्त तक चलेगा, जबकि फाइनल के लिए 31 अगस्त को रिजर्व डे रखा गया है। वहीं, महिला प्रतियोगिता 20 अगस्त से शुरू होकर 2 सितंबर तक चलेगी और उसका रिजर्व डे 3 सितंबर होगा। दोनों प्रतियोगिताओं के सभी मुकाबले अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे, जहां करीब एक महीने तक क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा।
Read Also-Bollywood News: रिलीज से पहले दर्शकों तक पहुंच रही ‘ओह माय डॉग’, देशभर में स्पेशल स्क्रीनिंग शुरू



