
CJP जंतर-मंतर Protest : राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में जारी छात्र आंदोलन के बीच राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी कांग्रेस सांसदों के साथ गांधी स्मृति पहुंचे और कहा कि पूरा विपक्ष छात्रों के साथ खड़ा है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक मामलों में दोषियों को जल्द सजा दिलाने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट स्थापित करने की घोषणा की है।
CJP कार्यकर्ता केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं। सरकारी सूत्रों का दावा है कि केंद्र सरकार ने प्रदर्शनकारियों को कई बार बातचीत का प्रस्ताव भेजा, लेकिन CJP नेतृत्व ने इसे स्वीकार नहीं किया। पार्टी का कहना है कि यदि सरकार बातचीत चाहती है तो केंद्रीय मंत्री स्वयं जंतर-मंतर या किसी तटस्थ स्थान पर आएं।
प्रदर्शन के बीच सुरक्षा कड़ी
दिल्ली पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं। वहीं गृह मंत्रालय ने जंतर-मंतर के 1.5 किलोमीटर के दायरे में शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित करने का आदेश जारी किया।
राहुल गांधी का छात्रों को समर्थन
राहुल गांधी कांग्रेस सांसदों के साथ गांधी स्मृति पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज को दबाने के लिए बल प्रयोग किया जा रहा है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि छात्रों पर वॉटर कैनन और बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य से बड़ा किसी मंत्री का पद नहीं हो सकता।
PM मोदी का बड़ा ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पेपर लीक से जुड़े मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने का ऐलान किया और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
आतिशी ने साधा निशाना
दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने प्रधानमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि छात्र लगातार शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर जवाब देने से बच रही है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली और पेपर लीक की घटनाओं को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की।
मुरली मनोहर जोशी ने जताई चिंता
भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने कहा कि छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान महिलाओं और छात्राओं के साथ कथित बल प्रयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे मामलों का समाधान संवेदनशीलता और संवाद के जरिए होना चाहिए।
सचिन तेंदुलकर ने दी ईमानदारी की सीख
पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने छात्रों की मेहनत और ईमानदारी पर जोर देते हुए कहा कि समाज को ऐसी संस्कृति विकसित करनी चाहिए, जहां कड़ी मेहनत को सम्मान मिले और शॉर्टकट की प्रवृत्ति को बढ़ावा न मिले। उन्होंने कहा कि युवाओं का विश्वास बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है।



