Chandauli News-बीएचयू में डिज़ाइन प्रोसेस राष्ट्रीय कार्यशाला का भव्य फैशन शो के साथ हुआ समापन

Chandauli News – National workshop on design process at BHU concludes with a grand fashion show.

Chandauli News-काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के दृश्य कला संकाय स्थित चित्रकला विभाग के टेक्सटाइल डिज़ाइन अनुभाग में SRICC के सहयोग से आयोजित छह दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला डिज़ाइन प्रोसेस का समापन शनिवार को एक भव्य एवं आकर्षक फैशन शो के साथ हुआ। 05 से 10 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस कार्यशाला में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए 76 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।

समापन समारोह की मुख्य अतिथि काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के अंग्रेज़ी विभाग की प्रो. आरती निर्मल थी। कार्यशाला का समन्वय एवं मार्गदर्शन दृश्य कला संकाय की प्रमुख प्रो. जस्मिंदर कौर ने किया। कार्यशाला की आयोजिका डॉ. किरण गुप्ता थीI जबकि टेक्सटाइल डिज़ाइन विशेषज्ञ श्री श्याम शर्मा ने प्रतिभागियों को डिज़ाइन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को टेक्सटाइल डिज़ाइन की संपूर्ण प्रक्रिया विषय चयन, अवधारणा विकास, शोध, स्केचिंग, सामग्री चयन तथा परिधान निर्माण का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था। इस दौरान प्रतिभागियों ने अपनी कल्पनाशीलता, तकनीकी दक्षता और नवाचार के माध्यम से विभिन्न विषयों पर आधारित परिधानों का सृजन किया। इनमें सांस्कृतिक वस्त्र, स्मार्ट क्लोदिंग, फंक्शनल क्लोदिंग और लिंजरी जैसी विविध श्रेणियाँ शामिल थी।

कार्यशाला के समापन अवसर पर आयोजित फैशन शो में प्रतिभागियों ने अपने द्वारा विकसित डिज़ाइनों और परिधानों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति में भारतीय पारंपरिक कला एवं समकालीन फैशन शैली का सुंदर समन्वय देखने को मिला। परिधानों में रंग-संयोजन, वस्त्रों का चयन, सतह अलंकरण, रचनात्मक अभिव्यक्ति और उपयोगिता पर विशेष ध्यान दिया गया। प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों ने उनकी मेहनत, कल्पनाशीलता और कार्यशाला के दौरान अर्जित व्यावहारिक ज्ञान को प्रभावशाली रूप से प्रदर्शित किया।

डिज़ाइन प्रोसेस कार्यशाला ने प्रतिभागियों को डिज़ाइन की प्रारंभिक अवधारणा से लेकर अंतिम परिधान के निर्माण तक की संपूर्ण प्रक्रिया को समझने, विभिन्न सामग्रियों एवं तकनीकों के साथ प्रयोग करने और अपने विचारों को साकार रूप देने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। इस प्रकार की कार्यशालाएँ विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, तकनीकी कौशल, नवाचार तथा व्यावसायिक दक्षता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। फैशन शो के माध्यम से कार्यशाला में विकसित रचनात्मक कार्यों की प्रभावशाली प्रस्तुति के साथ छह दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

Read Also-Bollywood News: बुसान फिल्म फेस्टिवल में ‘सेल्वी’ का शानदार वर्ल्ड प्रीमियर

चंदौली से सत्येन्द्र कुमार मिश्रा की रिपोर्ट

Show More

Related Articles

Back to top button