
Bollywood News:बॉलीवुड की चर्चित कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘मालामाल वीकली’ के दूसरे भाग को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। साल 2006 में रिलीज हुई इस फिल्म के सीक्वल में अब 90 के दशक की लोकप्रिय अभिनेत्री शिल्पा शिरोडकर की भी एंट्री होने की खबर है। खास बात यह है कि शिल्पा करीब 26 साल के लंबे अंतराल के बाद बड़े पर्दे पर वापसी करेंगी।
‘मालामाल वीकली 2’ का निर्देशन अमित जोशी करेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का प्रस्ताव मिलने के बाद शिल्पा शिरोडकर ने इसे तुरंत स्वीकार कर लिया। अभिनेत्री को फिल्म की कहानी और उनका किरदार पसंद आया, जिसके बाद उन्होंने इस प्रोजेक्ट से जुड़ने में दिलचस्पी दिखाई।
शिल्पा शिरोडकर को आखिरी बार वर्ष 2000 में एमएफ हुसैन की फिल्म ‘गज गामिनी’ में बड़े पर्दे पर देखा गया था। इसके बाद उन्होंने फिल्मों से दूरी बनाए रखी, हालांकि उन्हें लगातार फिल्मों के ऑफर मिलते रहे।
सीक्वल की स्टारकास्ट को लेकर भी कई नाम सामने आ रहे हैं। रवीना टंडन और परिणीति चोपड़ा के फिल्म में शामिल होने की चर्चा है, जबकि रितेश देशमुख और राजपाल यादव की वापसी को लेकर भी अटकलें हैं। हालांकि, मेकर्स के मुताबिक नई फिल्म की कहानी और किरदार पहली ‘मालामाल वीकली’ से अलग होंगे।
शिल्पा शिरोडकर की लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी ने उनके प्रशंसकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। अब देखना दिलचस्प होगा कि अभिनेत्री ‘मालामाल वीकली 2’ में किस नए अंदाज में नजर आती हैं।



