
Unnao News:स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए 12 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को सफल बनाने के लिए मौरावां नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर विवेक सेठ ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
तिरंगा यात्रा पुरवा विधायक अनिल सिंह के कार्यालय से शुरू होकर बोधेश्वर मंदिर तक जाएगी। यात्रा में नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ शामिल होंगे। आयोजन को भव्य बनाने के लिए कार्यकर्ताओं की ओर से लोगों से संपर्क कर सहभागिता का आह्वान किया जा रहा है।
नगर पंचायत अध्यक्ष विवेक सेठ ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूती मिलती है और स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के त्याग व बलिदान को याद करने का अवसर मिलता है।
उन्होंने युवाओं, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से परिवार के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस सिर्फ उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का भी दिन है।
यात्रा को लेकर तैयारियां तेज
तिरंगा यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है। यात्रा के दौरान तिरंगे के साथ देशभक्ति के नारों से माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर होने की उम्मीद है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने नागरिकों से निर्धारित समय पर पहुंचकर यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया।
Read Also-Bollywood News: 26 साल बाद बड़े पर्दे पर लौटेंगी शिल्पा शिरोडकर, ‘मालामाल वीकली 2’ में हुई एंट्री



