Bichhiya News-बाउंड्रीवाल के अभाव में आवारा मवेशियों का ठिकाना बना स्कूल परिसर

Bichhiya News – A haven for stray cattle due to the lack of a boundary wall.

Bichhiya News-विकासखंड क्षेत्र के ग्राम तौरा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय द्वितीय में बाउंड्रीवाल न होने के कारण विद्यालय परिसर आवारा मवेशियों और जंगली जीव-जंतुओं का आसरा बनता जा रहा है। परिसर में उगी कंटीली झाड़ियां, जंगली बबूल के पेड़ और घास से छात्र-छात्राओं के लिए खतरा बना हुआ है।

बताया गया कि विद्यालय के मूल भवन और बाउंड्रीवाल के निर्माण के लिए पूर्व में बजट स्वीकृत हुआ था, लेकिन पर्याप्त जगह उपलब्ध न होने के कारण निर्माण नहीं हो सका। इसके चलते कई बार बजट वापस हो चुका है। इस बार भी मूल भवन और बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए करीब 10 लाख रुपये की धनराशि आई थी, लेकिन निर्माण के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध न होने के कारण यह धनराशि भी वापस चली गई।

बाउंड्रीवाल न होने से विद्यालय परिसर में आवारा मवेशियों का आना-जाना लगा रहता है। वहीं जंगली बबूल, कंटीली झाड़ियों और घास की वजह से जंगली जीव-जंतुओं के छिपने की आशंका बनी रहती है। विद्यालय परिसर में बच्चों के पीने के पानी की टोटियां भी गायब होने की बात सामने आई है, जिससे पेयजल व्यवस्था प्रभावित है।

अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए परिसर की साफ-सफाई कराने के साथ ही बाउंड्रीवाल की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाना जरूरी है।

इस संबंध में बीईओ सुरेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। समस्याओं को दिखवाकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।

Show More

Related Articles

Back to top button