
UP News:सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिछिया में एक्सरे जांच सुविधा एक बार फिर ठप हो गई है। करीब 20 दिनों से अधिक समय से एक्सरे मशीन में तकनीकी खराबी के चलते मरीजों को जांच के लिए निजी पैथोलॉजी सेंटरों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे मरीजों की परेशानी बढ़ने के साथ ही उनकी जेब पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
सीएचसी बिछिया में एक्सरे सुविधा शुरू होने के बाद क्षेत्रीय लोगों को उम्मीद जगी थी कि अब सामान्य जांच के लिए उन्हें निजी सेंटरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। लेकिन करीब तीन सप्ताह से मशीन में तकनीकी समस्या आने के बाद एक्सरे सुविधा बंद पड़ी है।
बताया गया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज एक्सरे जांच के लिए सीएचसी पहुंचते हैं। मशीन बंद होने के कारण उन्हें मजबूरी में निजी पैथोलॉजी सेंटरों पर जांच करानी पड़ रही है। मरीजों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में जांच सुविधा बंद होने से उन्हें निजी सेंटरों पर अधिक रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।
मरीजों में शामिल शिवकुमार, प्रदीप, राजू, शिवम, आदर्श और कमलेश सहित कई लोगों ने बताया कि लंबे समय से एक्सरे सुविधा बंद होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों ने जल्द से जल्द मशीन ठीक कराकर जांच सुविधा शुरू कराने की मांग की है।
एक्सरे टेक्नीशियन आशिफ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।
वहीं, सीएचसी अधीक्षक डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि अर्थिंग की समस्या के कारण एक्सरे मशीन बंद है। संबंधित टीम को जल्द बुलाकर तकनीकी समस्या दूर कराई जाएगी और एक्सरे जांच सुविधा शुरू कराई जाएगी।



