WeatherNews: UP Heatwave ! देश का सबसे गर्म जिला बना बांदा, लगातार चौथे दिन 48°C पार; IMD का रेड अलर्ट जारी

भीषण लू की चपेट में उत्तर प्रदेश का बांदा, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट; लोगों ने कहा- पेड़ों की कटाई और अवैध खनन ने बढ़ाई मुसीबत

Weather News: Banda लगातार चौथे दिन देश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी India Meteorological Department (IMD) के मुताबिक बांदा में अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे पूरा इलाका भीषण लू और गर्म हवाओं की चपेट में आ गया है।

उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके बाद कुछ इलाकों में ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा।

एक हफ्ते से 45 डिग्री के पार तापमान

बांदा में पिछले करीब एक सप्ताह से तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। भीषण गर्मी के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। लोग दोपहर में घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं, जबकि बाजारों में पानी, शरबत और ठंडे पेय पदार्थों की मांग तेजी से बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हालात अब सामान्य गर्मी से आगे बढ़ चुके हैं। निवासी पुनीत सक्सेना ने इसे “अग्नि परीक्षा जैसी गर्मी” बताया। उनका आरोप है कि अवैध खनन और पेड़ों की कटाई ने इलाके का तापमान और बढ़ा दिया है।

क्यों बढ़ रही है बांदा में गर्मी?

मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिनेश के मुताबिक बांदा में अत्यधिक गर्मी के पीछे कई कारण जिम्मेदार हैं। इनमें कर्क रेखा के करीब होना, कम नमी वाली पठारी जमीन, सीधी धूप, सूखती नदियां, पेड़ों की कटाई और अवैध खनन प्रमुख हैं।

वहीं स्थानीय निवासी सैयद इमरान अली का कहना है कि सड़क निर्माण और विकास कार्यों के दौरान पुराने और बड़े पेड़ों की कटाई से प्राकृतिक ठंडक खत्म हो गई है, जिसका असर अब साफ दिखाई दे रहा है।

Kashi weather news : काशी में कड़ाके की ठंड का प्रकोप, शिमला-मनाली से भी नीचे पहुंचा तापमान

पूरे यूपी में रेड अलर्ट

India Meteorological Department के लखनऊ केंद्र के अनुसार दक्षिणी उत्तर प्रदेश में गर्म और शुष्क पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, जबकि पूर्वी हवाओं से आने वाली नमी उमस को और बढ़ा रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक:

  • पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 21 से 25 मई तक लू चलने की संभावना है।
  • 22 से 24 मई के बीच कई इलाकों में गर्म रातें दर्ज की जा सकती हैं।
  • पूर्वी उत्तर प्रदेश में भीषण लू जैसे हालात बने रहेंगे।
  • प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा और तेज हवाएं चल सकती हैं।

स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी

भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की अपील की है।

Written By: Ekta Verma

Show More

Related Articles

Back to top button