
Ayodhya News:नगर निगम अयोध्या और इंडिया पेस्टिसाइड्स लिमिटेड (आईपीएल) के संयुक्त प्रयास से सीएसआर फंड के माध्यम से पलिया शाहबदी क्षेत्र में मियावाकी पद्धति पर आधारित संजीवनी उपवन तथा जानकी जलाशय का विकास किया जाएगा। परियोजना का शुभारंभ मंगलवार को भूमि पूजन के साथ हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक कौशल किशोर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य सूचना आयुक्त पी.एन. द्विवेदी मौजूद रहे।
इस अवसर पर कौशल किशोर ने कहा कि रामनगरी को अधिक हरित और पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने की दिशा में यह परियोजना महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रकृति संरक्षण को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए जनसहभागिता पर बल दिया।
महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि नगर निगम शहर और आसपास के क्षेत्रों में हरित आवरण बढ़ाने के लिए लगातार उपवन विकसित कर रहा है। मियावाकी पद्धति से तैयार होने वाला संजीवनी उपवन कम स्थान में घना वन विकसित करने के साथ जैव विविधता को बढ़ावा देगा और पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभाएगा। वहीं जानकी जलाशय वर्षा जल संरक्षण, भूजल संवर्धन और स्थानीय पारिस्थितिकी को मजबूत करने में सहायक होगा।
राज्य सूचना आयुक्त पी.एन. द्विवेदी ने कहा कि यह जलाशय जल संरक्षण के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी मॉडल बनेगा और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
कार्यक्रम का संचालन आईपीएल की ओर से पवन पांडे ने किया। उन्होंने बताया कि परियोजना को चरणबद्ध तरीके से लगभग दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। भूमि पूजन के साथ ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
समारोह में इंडिया पेस्टिसाइड्स लिमिटेड के निदेशक विश्वास स्वरूप अग्रवाल, सीएसआर निदेशक रामकृष्ण सुब्रमण्यम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
Read Also-69 हजार शिक्षक भर्ती मामला: सुप्रीम कोर्ट में आज की सुनवाई पूरी, अब 11 अगस्त को होगी अगली सुनवाई



