
Amethi News-संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृहस्पतिवार को संविधान की उद्देशिका का पाठन करते हुए डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत प्रतिमा स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा जनपद अमेठी में 3.90 करोड़ रुपये की लागत से बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं वाले 40 स्थलों पर प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्यों का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद की सभी चारों विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान किया गया।
इन कार्यक्रमों में संबंधित क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री के वर्चुअल शिलान्यास के साथ ही स्थानीय स्तर पर भी जनप्रतिनिधियों द्वारा संबंधित स्थलों पर सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में संविधान के मूल आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है।
संविधान की मूल भावना को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। जनपद अमेठी में डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाएं जहां-जहां स्थापित हैं, उनमें से चयनित 40 स्थलों पर 3.90 करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य कराए जाएंगे।
इन कार्यों के माध्यम से प्रतिमा स्थलों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। योजना के अंतर्गत केवल बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं वाले चयनित स्थलों का ही सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। उक्त कार्य कार्यदायी संस्था यूपीईएलसीएफ (UPELCF) की इकाई अमेठी द्वारा कराया जाएगा। इन विकास कार्यों से प्रतिमा स्थलों की व्यवस्था बेहतर होने के साथ-साथ बाबा साहेब के विचारों, सामाजिक समानता और संविधान के मूल्यों के प्रति जनजागरूकता को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
Read Also-International News: भारतीय सॉफ्ट पावर का डंकाः वेनिस बिएनाले में मिला बेस्ट नेशनल पैवेलियन अवॉर्ड



