
Delimitation Bill: देश की राजनीति और संसदीय प्रतिनिधित्व की तस्वीर बदलने वाले परिसीमन और महिला आरक्षण के मुद्दे पर सोमवार से संसद में बड़ी सियासी जंग देखने को मिल सकती है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े तीन नए विधेयक लोकसभा में पेश करेगी। सरकार का प्रस्ताव लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने और संसद तथा राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता तैयार करने से जुड़ा है।
इस विधायी कवायद का असर आने वाले वर्षों में देश के चुनावी समीकरण और संसदीय प्रतिनिधित्व पर पड़ सकता है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर लगभग 815 करने की व्यवस्था है, जबकि सदन की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक करने का प्रावधान प्रस्तावित है। इसमें राज्यों के लिए अधिकतम 815 और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए 35 सीटों का प्रावधान शामिल है।
पहले पुराने विधेयक होंगे वापस
लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी कार्यसूची के मुताबिक सोमवार को सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होगी। सरकार सबसे पहले अप्रैल 2026 में पेश किए गए दो पुराने विधेयकों को वापस लेने की प्रक्रिया पूरी करेगी। इसके बाद नए प्रावधानों के साथ तीन विधेयक पेश किए जाएंगे।
पुराने विधेयकों में परिसीमन विधेयक, 2026 और केंद्रशासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2026 शामिल हैं। इन्हें 16 अप्रैल 2026 को लोकसभा में पेश किया गया था।
ये पेश किए जाएंगे तीन नए विधेयक
संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026: कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल इसे पेश करेंगे। इसका उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में बढ़ोतरी तथा महिला आरक्षण को लागू करने के लिए संवैधानिक प्रावधानों में बदलाव करना है।
केंद्रशासित प्रदेश कानून (संशोधन) दूसरा विधेयक, 2026: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इसे पेश करेंगे। इसके जरिए तीन कानूनों में संशोधन का प्रस्ताव है। इनमें गवर्नमेंट ऑफ यूनियन टेरिटरीज एक्ट, 1963, दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र सरकार अधिनियम, 1991 और जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम, 2019 शामिल हैं।
परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026: कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल इसे पेश करेंगे। इसका उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में सीटों का पुनर्निर्धारण, निर्वाचन क्षेत्रों की नई सीमाएं तय करना और महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है।
लोकसभा में 543 से 850 तक हो सकती हैं सीटें
सरकार के प्रस्ताव के मुताबिक लोकसभा में मौजूदा 543 सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की जाएगी। इसके तहत राज्यों के हिस्से में 815 तक सीटें और केंद्रशासित प्रदेशों के हिस्से में 35 तक सीटें रखने का संवैधानिक प्रावधान प्रस्तावित है। इस तरह लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक पहुंच सकती है।
राज्य विधानसभाओं की सदस्य संख्या में भी 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। इसके लिए विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने की व्यवस्था प्रस्तावित है।
प्रस्तावित परिसीमन में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय की जाएंगी। इसका उद्देश्य मौजूदा संसदीय प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखते हुए सीटों की संख्या बढ़ाना और महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करना है।
2029 के लोकसभा चुनाव से महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी
इस पूरी कवायद का सबसे महत्वपूर्ण पहलू महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना है। वर्ष 2023 में पारित 106वें संविधान संशोधन के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान किया गया था। हालांकि इसका क्रियान्वयन जनगणना और उसके बाद परिसीमन की प्रक्रिया से जुड़ा हुआ था।
अब सरकार नए विधायी प्रस्तावों के जरिए इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाना चाहती है, ताकि 2029 के लोकसभा चुनाव में महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार हो सके।
प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की बढ़ी हुई सदस्य संख्या में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने की व्यवस्था की जाएगी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों में भी महिलाओं की हिस्सेदारी सुनिश्चित करने का प्रावधान है।
अप्रैल में सरकार को लगा था झटका
परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधायी प्रयासों को लेकर सरकार को अप्रैल 2026 में लोकसभा में झटका लगा था। उस समय पेश किया गया संविधान (131वां संशोधन) विधेयक आवश्यक विशेष बहुमत हासिल नहीं कर सका था। इसके बाद सरकार अब नए सिरे से संशोधित विधेयकों के साथ संसद में पहुंच रही है।
संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए सदन में विशेष बहुमत की आवश्यकता होगी। इसके लिए कुल सदस्य संख्या का बहुमत और उपस्थित होकर मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई समर्थन की संवैधानिक शर्त लागू होती है। ऐसे में सरकार के सामने विपक्षी दलों का समर्थन जुटाना बड़ी चुनौती होगी।
दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंता और विपक्ष के सवाल
परिसीमन को लेकर विपक्षी दलों की सबसे बड़ी चिंता राज्यों के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व के संतुलन को लेकर है। विशेष रूप से दक्षिण भारतीय राज्यों का तर्क रहा है कि जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन किया है, उन्हें परिसीमन के कारण राजनीतिक प्रतिनिधित्व में नुकसान नहीं होना चाहिए।
सरकार के नए प्रस्ताव में राज्यों के बीच मौजूदा आनुपातिक प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखने का प्रावधान शामिल किया गया है। इसके बावजूद परिसीमन के आधार, सीटों के पुनर्निर्धारण और राज्यों के प्रतिनिधित्व को लेकर राजनीतिक बहस जारी रहने की संभावना है।
चार दिन चलेगा लोकसभा का विशेष सत्र
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलेगा। लोकसभा में चार दिनों तक विधायी कामकाज होगा, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 और 3 दिसंबर को प्रस्तावित है। सरकार की कोशिश है कि विशेष सत्र के दौरान तीनों विधेयकों पर चर्चा के साथ उन्हें पारित कराने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाए।
अब सबकी नजर संसद पर टिकी है। महिला आरक्षण, लोकसभा की बढ़ती सीटें और निर्वाचन क्षेत्रों के नए निर्धारण को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच होने वाली बहस आने वाले समय में देश की राजनीति की दिशा तय करने वाले महत्वपूर्ण मुद्दों में शामिल हो सकती है।



