UP News : यूपी में एमडीए अभियान, पहले सप्ताह में 23.33 लाख लोगों ने खाई फाइलेरिया रोधी दवा – सात जिलों में धीमी रफ्तार

UP News : यूपी में एमडीए अभियान के पहले सप्ताह में 23.33 लाख लोगों ने फाइलेरिया रोधी दवा खाई। 1.31 लाख इनकार करने वालों को मनाया गया, सात जिलों में अभियान की रफ्तार धीमी।

UP News : उत्तर प्रदेश में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान के पहले सप्ताह में 23.33 लाख पात्र लोगों ने फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन किया है। प्रदेश के 16 जिलों के 53 ब्लॉक में चल रहे इस अभियान के तहत कुल 1.22 करोड़ लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक लक्ष्य के मुकाबले करीब 19 प्रतिशत लोगों तक ही अभियान पहुंच पाया है। शेष 98.67 लाख लोगों को सात दिसंबर तक दवा खिलाने का लक्ष्य है।

अभियान की धीमी प्रगति को देखते हुए प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य हेकाली झिमोमी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने अपर निदेशकों से कमजोर प्रदर्शन करने वाले जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) से जवाब तलब करने को कहा है। साथ ही सभी सीएमओ और खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर लोगों को अपने सामने दवा खिलाएं।

19 नवंबर से शुरू हुआ यह अभियान सात दिसंबर तक चलेगा। इसकी प्रगति की निगरानी के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की टीमें भी सक्रिय हैं। केंद्रीय टीम सीतापुर और उन्नाव में अभियान का जायजा ले चुकी है। गुरुवार को राष्ट्रीय वेक्टरजनित रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीवीबीडीसी) के वरिष्ठ सीएमओ डॉ. सुदर्शन मंडल के नेतृत्व में टीम ने हरदोई के अहरोरी, बिलग्राम और कोथावां ब्लॉक का दौरा किया। टीम ने मौके पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. ए.के. चौधरी के मुताबिक, उन्नाव, सीतापुर, गोंडा, शाहजहांपुर, खीरी, कन्नौज और फर्रुखाबाद में दवा सेवन की प्रगति प्रदेश के औसत से कम है। इन जिलों के अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। सीएमओ, बीडीओ और जिला मलेरिया अधिकारियों को रोजाना क्षेत्रों का निरीक्षण करने को कहा गया है।

इनकार करने वाले 1.31 लाख लोगों को मनाकर खिलाई दवा

अभियान के दौरान अब तक 2.74 लाख लोगों ने दवा खाने से इनकार किया। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से इनमें से करीब 48 प्रतिशत यानी 1.31 लाख लोगों को समझाकर दवा खिलाई गई। इसके अलावा 76,801 ऐसे लोगों की पहचान की गई है, जिन्होंने पहले कभी फाइलेरिया रोधी दवा नहीं खाई।

नेवर टेकन के सबसे अधिक मामले कानपुर के चौबेपुर ब्लॉक में 13 प्रतिशत, फतेहपुर के अमौली में 10 प्रतिशत, कानपुर देहात के डेरापुर में नौ प्रतिशत और फर्रुखाबाद के राजेपुर ब्लॉक में सात प्रतिशत दर्ज किए गए हैं।

राज्य फाइलेरिया अधिकारी ने इन लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित करने में ग्राम प्रधानों, शिक्षकों, धर्मगुरुओं और समाज के प्रभावशाली लोगों की मदद लेने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग का जोर अब घर-घर संपर्क और जनजागरूकता के जरिए अभियान की रफ्तार बढ़ाने पर है, ताकि निर्धारित समय में अधिक से अधिक पात्र लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया जा सके।

Show More

Related Articles

Back to top button