
Azam Khan Latest Update:समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने सपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के अयोध्या स्थित राम मंदिर जाने को लेकर खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने मंदिर जाने पर सवाल उठाने वालों को जवाब देते हुए कहा कि अखिलेश यादव को मंदिर जाने और पूजा-पाठ करने से किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
एबीपी न्यूज़ को दिए एक विशेष इंटरव्यू में आजम खान से जब अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, “अखिलेश हिंदू ही हैं शायद? किसी हिंदू को आप नहीं जाने देंगे?” उन्होंने आगे कहा, “हमारे यहां कहा जाता है कि तब जाएंगे, तब जाएंगे। राम जी ने अब बुलाया है। मालिक से मत टकराइए।”
आजम खान ने कहा कि अखिलेश यादव एक बार नहीं, बल्कि हजार बार मंदिर जाएं और खूब पूजा-पाठ करें। उन्होंने बाबरी एक्शन कमेटी के संयोजक रहते हुए पारित किए गए प्रस्ताव का भी जिक्र किया। आजम के मुताबिक, उस समय यह निर्णय लिया गया था कि अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट जो फैसला करेगा, उसे स्वीकार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश का हर मुसलमान सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करता है।
सपा-कांग्रेस गठबंधन पर भी रखी राय
इंटरव्यू के दौरान आजम खान ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने दोनों दलों के बीच किसी तरह के विवाद से इनकार किया। आजम खान ने बताया कि जब अखिलेश यादव उनसे मिलने आए थे, तब उनके पास कांग्रेस की सीटों की सूची भी थी। उस मुलाकात में गठबंधन को बरकरार रखने पर चर्चा हुई थी।
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी अपील की कि क्षेत्रीय दलों के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्हें ज्यादा नुकसान न पहुंचाया जाए।
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद पर भी बोले आजम खान
मुस्लिम राजनीति और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को लेकर भी आजम खान ने टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश का मुसलमान मजबूती से उनके साथ खड़ा है। ओवैसी को अपने राज्य में मेहनत करने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि वहां लगातार प्रयास करें तो मुख्यमंत्री भी बन सकते हैं।
वहीं, नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को आजम खान ने अपना छोटा भाई बताया। उन्होंने कहा कि ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद की राजनीति को नुकसान पहुंचाया है।
Read Also-Winter Home Dust: सर्दियों में घर में इतनी धूल क्यों जमती है? जानें वजह और बचाव के तरीके



