MBA Admission 2027: CMAT 2027 का शेड्यूल जारी, 23 नवंबर से शुरू हुए आवेदन; 11 फरवरी को होगी परीक्षा

MBA Admission 2027: MBA में दाखिले के लिए 20 दिसंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन, जनवरी में मिलेगी एग्जाम सिटी की जानकारी

MBA Admission 2027: MBA और अन्य मैनेजमेंट कोर्स में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कॉमन मैनेजमेंट एडमिशन टेस्ट (CMAT) 2027 का कार्यक्रम जारी कर दिया है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए AICTE से संबद्ध और अन्य सहभागी संस्थानों के मैनेजमेंट प्रोग्राम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 23 नवंबर 2026 से शुरू हो गई है।

इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 20 दिसंबर 2026 की रात 11:30 बजे तक बिना विलंब शुल्क के आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 21 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। निर्धारित समय तक आवेदन नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थियों को 22 से 25 दिसंबर तक 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ फॉर्म भरने का अवसर दिया जाएगा।

11 फरवरी को आयोजित होगी परीक्षा

NTA की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक CMAT 2027 की परीक्षा 11 फरवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा से पहले 21 जनवरी को उम्मीदवारों को एग्जाम सिटी की जानकारी दी जाएगी। वहीं, अभ्यर्थी 4 फरवरी से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।

परीक्षा के बाद 19 से 21 फरवरी 2027 तक प्रोविजनल आंसर की जारी कर उस पर आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 फरवरी 2027 को परिणाम घोषित किया जाएगा।

CMAT 2027 का पूरा शेड्यूल

परीक्षा चरण निर्धारित तारीख
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 23 नवंबर से 20 दिसंबर 2026
आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 21 दिसंबर 2026, रात 11:50 बजे तक
विलंब शुल्क के साथ आवेदन 22 से 25 दिसंबर 2026
आवेदन फॉर्म में सुधार 26 से 28 दिसंबर 2026
एग्जाम सिटी की जानकारी 21 जनवरी 2027
एडमिट कार्ड डाउनलोड 4 फरवरी 2027
CMAT 2027 परीक्षा 11 फरवरी 2027
प्रोविजनल आंसर की और आपत्ति दर्ज कराने की अवधि 19 से 21 फरवरी 2027
परिणाम जारी होने की तारीख 25 फरवरी 2027

कौन कर सकता है आवेदन?

CMAT 2027 में शामिल होने के लिए उम्मीदवार के पास किसी भी विषय में मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होना जरूरी है। इसके अलावा ग्रेजुएशन के अंतिम वर्ष में पढ़ रहे विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, ऐसे अभ्यर्थियों का परीक्षा परिणाम वर्ष 2027 में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने से पहले घोषित होना चाहिए।

इस परीक्षा में शामिल होने के लिए NTA ने अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं की है। यानी निर्धारित शैक्षणिक योग्यता पूरी करने वाले अभ्यर्थी उम्र की सीमा की चिंता किए बिना आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन शुल्क कितना देना होगा?

उपलब्ध जानकारी के अनुसार सामान्य वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 2,500 रुपये और सामान्य वर्ग की महिला उम्मीदवारों के लिए 1,250 रुपये निर्धारित किया गया है। सामान्य ईडब्ल्यूएस, ओबीसी-एनसीएल, एससी, एसटी, दिव्यांग और अन्य श्रेणियों के लिए शुल्क का पूरा विवरण आधिकारिक सूचना पुस्तिका में देखना चाहिए।

अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध सूचना पुस्तिका को ध्यान से पढ़ लें। फॉर्म में भरी गई जानकारी और जमा किए गए दस्तावेजों की जांच करने के बाद ही आवेदन सबमिट करें।

written by Siddhi Srivastava

Show More

Related Articles

Back to top button