
India Nepal Relations: भारत और नेपाल ने आपसी सहयोग को नई दिशा देने के लिए सोमवार को कई अहम फैसले किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों देशों ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए आठ समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान पीएम मोदी ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा भी की। यह राशि भारतीय मुद्रा में करीब 15 हजार करोड़ रुपये के बराबर है।
दोनों नेताओं के बीच करीब 100 मिनट तक बातचीत हुई। इसमें शिक्षा, तकनीक, स्वास्थ्य, अंतरिक्ष, कृषि, पशुपालन, पुलिस प्रशिक्षण और शहरी विकास जैसे विषयों पर सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने कहा कि भारत नेपाल में स्टार्टअप इनक्यूबेटर, इनोवेशन हब और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) का ऑफशोर कैंपस स्थापित करने में मदद करेगा। इसके साथ ही नेपाली विद्यार्थियों के लिए भारत में कानून और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में छात्रवृत्ति के अवसर बढ़ाए जाएंगे।
मोदी ने खाद्य प्रसंस्करण और कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन बढ़ाने के लिए नेपाल में एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने में भी सहयोग का भरोसा दिया। यह पैकेज नेपाल में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से घोषित किया गया है।
अंतरिक्ष से पुलिस प्रशिक्षण तक आठ समझौते
भारत और नेपाल के बीच हुए समझौतों में तकनीकी सहयोग के साथ मानव संसाधन विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया है। इनके तहत प्रमुख पहल इस प्रकार हैं—
- फॉरेंसिक विज्ञान में सहयोग: गुजरात के गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय और नेपाल पुलिस के अपराध जांच विभाग के बीच शिक्षा, प्रशिक्षण और शोध के क्षेत्र में सहयोग किया जाएगा।
- पुलिस प्रशिक्षण: भारत की राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी और नेपाल पुलिस अकादमी मिलकर पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण और क्षमता विकास के लिए काम करेंगी।
- प्रशासनिक क्षमता निर्माण: दोनों देशों के प्रमुख प्रशिक्षण संस्थान नेपाल के सरकारी अधिकारियों को प्रशासनिक कार्यों और बेहतर कार्यप्रणाली का प्रशिक्षण देने में सहयोग करेंगे।
- आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा: भारत और नेपाल आयुर्वेद तथा इलाज की पारंपरिक पद्धतियों को प्रोत्साहित करने के लिए मिलकर काम करेंगे।
- उपग्रह संचार: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और नेपाल के संचार मंत्रालय के बीच दक्षिण एशिया उपग्रह के उपयोग को लेकर सहयोग होगा। इसका उद्देश्य नेपाल में संचार नेटवर्क को बेहतर बनाना है।
- शहरी विकास: दोनों देश शहरों को आधुनिक, टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए तकनीक और अनुभव साझा करेंगे।
- स्वास्थ्य और चिकित्सा: नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और इलाज उपलब्ध कराने के लिए दोनों देश आपसी सहयोग बढ़ाएंगे।
- पशुपालन और मत्स्य पालन: पशुधन और मछली पालन से जुड़े कारोबार तथा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए तकनीकी और अन्य सहयोग किया जाएगा।
मोदी को बालेन शाह ने भेंट की रुद्राक्ष माला
द्विपक्षीय बैठक के दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच सांस्कृतिक संबंधों की झलक भी देखने को मिली। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने पीएम मोदी को रुद्राक्ष की माला भेंट की। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें त्रिवेणी का जल उपहार स्वरूप दिया। दोनों नेताओं ने भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।
अयोध्या से जनकपुरधाम के बीच शुरू हुई ट्रेन सेवा
बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह ने अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम को जोड़ने वाली नई साप्ताहिक रेल सेवा सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। करीब 604 किलोमीटर लंबा यह रेल मार्ग दोनों देशों के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करेगा।
इस ट्रेन के प्रमुख पड़ावों में अयोध्या धाम, गोरखपुर, बस्ती, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर शामिल हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, ट्रेन जनकपुरधाम से प्रत्येक शनिवार और अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार को रवाना होगी।
इस रेल सेवा से भारत में भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और नेपाल में माता सीता की जन्मभूमि जनकपुरधाम के बीच श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के आपसी संपर्क को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
written by Siddhi Srivastava



