
US Report 2026: भारत और चीन के बीच लंबे समय से जारी रणनीतिक प्रतिस्पर्धा के बीच अमेरिकी कांग्रेस की 2026 की एक रिपोर्ट में चीन और पाकिस्तान के बढ़ते सैन्य सहयोग को लेकर चिंता जताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, चीन पाकिस्तान को सैन्य समर्थन देकर भारत के सामने दो मोर्चों पर सुरक्षा चुनौती की आशंका बढ़ा रहा है। इसमें कहा गया है कि भविष्य में भारत और पाकिस्तान के बीच किसी सैन्य टकराव की स्थिति पैदा होने पर चीन सीधे संघर्ष में शामिल हुए बिना भी इस्लामाबाद की मदद कर सकता है।
रिपोर्ट में मई 2025 में हुए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत-पाकिस्तान संघर्ष का भी उल्लेख किया गया है। इसके अनुसार, उस घटनाक्रम ने यह दिखाया कि चीन प्रत्यक्ष रूप से लड़ाई का हिस्सा बने बिना संकट के समय पाकिस्तान को सहायता पहुंचा सकता है। इससे भारत की यह आशंका बढ़ी है कि भविष्य में पाकिस्तान के साथ किसी टकराव के दौरान उसे चीन का समर्थन मिल सकता है।
भारत को चीन अपनी ताकत के लिए चुनौती मानता है
अमेरिकी रिपोर्ट में भारत की जनसंख्या, आर्थिक क्षमता, सैन्य शक्ति और भौगोलिक स्थिति का उल्लेख करते हुए उसे उन चुनिंदा देशों में शामिल बताया गया है, जो चीन की शक्ति और क्षेत्रीय प्रभाव को चुनौती देने की क्षमता रखते हैं। रिपोर्ट के आकलन के अनुसार, चीन भारत के विकास को अपनी रणनीतिक स्थिति के लिए चुनौती के तौर पर देखता है।
इसी संदर्भ में रिपोर्ट में चीन की ओर से भारत पर सैन्य, आर्थिक और समुद्री क्षेत्रों सहित विभिन्न स्तरों पर दबाव बनाए जाने का जिक्र किया गया है। इसमें यह भी कहा गया है कि दोनों देशों के बीच प्रतिस्पर्धा के पीछे उनके अपने राष्ट्रीय और रणनीतिक हित हैं।
सीमा विवाद बना तनाव की सबसे बड़ी वजह
भारत और चीन के रिश्तों में सीमा विवाद लंबे समय से तनाव का प्रमुख कारण रहा है। वर्ष 2020 में गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़पों को दोनों देशों के संबंधों में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा गया। इसके बाद भारत ने सीमा पर जारी विवाद को व्यापक द्विपक्षीय संबंधों से अलग रखने की नीति से दूरी बनाई।
रिपोर्ट के मुताबिक, गलवान की घटना के बाद भारत-चीन संबंधों में अविश्वास गहरा हुआ। भारत का रुख रहा है कि दोनों देशों के बीच व्यापक स्तर पर सामान्य संबंध बहाल करने के लिए वास्तविक नियंत्रण रेखा पर शांति और स्थिरता जरूरी है।
2024 के अंत से संबंध सुधारने की कोशिश
सीमा पर तनाव कम करने और द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाने के लिए भारत और चीन ने 2024 के अंत से धीरे-धीरे प्रयास शुरू किए। दोनों देशों के बीच विभिन्न स्तरों पर बैठकें हुईं और सीमा विवाद से जुड़े मुद्दों को सुलझाने के लिए बातचीत आगे बढ़ाई गई।
हालांकि, इन प्रयासों के बावजूद दोनों देशों के बीच भरोसे की कमी पूरी तरह दूर नहीं हुई है। भारत लगातार इस बात पर जोर देता रहा है कि सीमा पर शांति कायम होने के बाद ही संबंधों को सामान्य बनाने की दिशा में ठोस प्रगति संभव है।
अमेरिकी रिपोर्ट का समग्र आकलन है कि चीन और पाकिस्तान के बीच बढ़ता सैन्य सहयोग भारत की सुरक्षा संबंधी चिंताओं को बढ़ा सकता है। ऐसे में भारत-चीन सीमा विवाद और पाकिस्तान के साथ चीन की रणनीतिक साझेदारी क्षेत्रीय सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण बने हुए हैं।
written by Siddhi Srivastava



