
Cricket: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के समानांतर आयोजित करने की रणनीति पर अब पाकिस्तान के भीतर से ही सवाल उठने लगे हैं। क्वेटा ग्लैडिएटर्स के मालिक नदीम उमर ने स्वीकार किया है कि आर्थिक और व्यावसायिक स्तर पर PSL के लिए IPL की बराबरी करना आसान नहीं है। उन्होंने यहां तक कहा कि यदि उनकी शर्तों के अनुरूप अच्छी पेशकश मिलती है तो वह क्वेटा ग्लैडिएटर्स की टीम बेचने के लिए तैयार हैं।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पिछले दो वर्षों से PSL का आयोजन IPL की अवधि के दौरान कर रहा है। दोनों लीग मार्च से मई के बीच आयोजित होती हैं। इस समय-निर्धारण को IPL के साथ प्रतिस्पर्धा की कोशिश के तौर पर देखा गया, लेकिन नदीम उमर का मानना है कि दोनों लीग के बाजार और आर्थिक क्षमता में काफी अंतर है।
‘IPL और उसके बाजार की बराबरी नहीं कर सकते’
क्वेटा ग्लैडिएटर्स के मालिक नदीम उमर ने कहा कि पाकिस्तान का बाजार भारत की तुलना में काफी छोटा है। उनके मुताबिक, जिस स्तर पर IPL में निवेश किया जाता है, उस अनुपात में PSL के लिए प्रायोजक जुटाना मुश्किल है।
उमर ने कहा, “हम IPL या उसके बाजार का मुकाबला नहीं कर सकते। भारत की तुलना में हमारा बाजार काफी सीमित है। जिस तरह IPL में पैसा लगाया जा रहा है, उस हिसाब से हमारे पास PSL में निवेश करने वाले प्रायोजक भी नहीं हैं।”
उन्होंने PSL की तुलना IPL से करने को बड़ी भूल बताते हुए कहा कि दोनों लीग की व्यावसायिक परिस्थितियां अलग-अलग हैं। उनके बयान से संकेत मिलता है कि पाकिस्तान की इस टी20 लीग को आर्थिक स्तर पर कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
टिकट और प्रसारण से IPL को होती है बड़ी कमाई
नदीम उमर ने IPL की कमाई के स्रोतों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लीग को टिकट बिक्री, टीमों के सामान और प्रसारण अधिकारों से अच्छी आमदनी होती है। इसके मुकाबले PSL के पास सीमित बाजार और प्रायोजन के विकल्प हैं।
उन्होंने अपनी टीम की जर्सी का उदाहरण देते हुए बताया कि क्वेटा ग्लैडिएटर्स की असली जर्सी की कीमत करीब एक हजार रुपये रखी गई थी, लेकिन बाजार में उसकी नकली प्रतियां लगभग 200 रुपये में उपलब्ध हो जाती हैं। उमर के अनुसार, इससे आधिकारिक जर्सी की बिक्री और टीम की कमाई प्रभावित होती है।
टीम बेचने के लिए रखी शर्त
नदीम उमर ने कहा कि अब उन्हें PSL से अलग होने का समय आ गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई खरीदार अच्छी पेशकश करता है और उनकी निर्धारित शर्तें पूरी होती हैं तो वह क्वेटा ग्लैडिएटर्स का स्वामित्व छोड़ने को तैयार हैं।
उन्होंने कहा, “लगता है अब PSL से हटने का समय आ गया है। पेशकश अच्छी मिली और हमारी शर्तें पूरी हुईं तो हम क्वेटा ग्लैडिएटर्स टीम बेचने को तैयार हैं।”
एक बार खिताब जीत चुकी है क्वेटा ग्लैडिएटर्स
क्वेटा ग्लैडिएटर्स पाकिस्तान सुपर लीग की प्रमुख टीमों में शामिल रही है। टीम अब तक चार बार टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच चुकी है और एक बार खिताब जीतने में सफल रही है। ऐसे में टीम के मालिक का उसे बेचने की इच्छा जताना PSL के व्यावसायिक भविष्य को लेकर चर्चा का विषय बन गया है।
नदीम उमर के बयान ने IPL और PSL के कारोबारी मॉडल, दर्शक बाजार, प्रायोजन तथा प्रसारण से होने वाली कमाई के अंतर को फिर चर्चा में ला दिया है।
written by Siddhi Srivastava



