FICCI Meeting : मोदी ने उद्योग जगत से पूछा- कॉरपोरेट टैक्स घटाया, कर्मचारियों की सैलरी कितनी बढ़ाई?

FICCI Meeting : पीएम नरेंद्र मोदी ने फिक्की सम्मेलन में उद्योग जगत से पूछा कि कॉरपोरेट टैक्स 30 से 22% होने के बाद कर्मचारियों की सैलरी और रोजगार कितना बढ़ाया? जानें पूरा बयान।

FICCI Meeting : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्योग जगत से सवाल किया है कि सरकार ने कॉरपोरेट टैक्स में कटौती कर कंपनियों को बड़ी राहत दी, लेकिन इसके बदले उद्योगों ने कर्मचारियों की सैलरी और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए क्या कदम उठाए? गुरुवार को नई दिल्ली में फिक्की के वार्षिक सम्मेलन और आमसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने उद्योगपतियों से केवल मुनाफे पर ध्यान देने के बजाय कर्मचारियों के वेतन और रोजगार के अवसर बढ़ाने की अपील की।

मोदी ने कहा कि सरकार ने कॉरपोरेट टैक्स 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत किया है। ऐसे में उद्योग जगत को बताना चाहिए कि इस राहत का फायदा कर्मचारियों तक कितना पहुंचा है। उन्होंने कंपनियों से कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने और देश की आर्थिक प्रगति में अपनी भागीदारी मजबूत करने का भी आह्वान किया।

किसानों और कारोबारियों का सम्मान जरूरी

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। वैश्विक संस्थानों ने देश की विकास दर करीब सात प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है। उनके मुताबिक, पिछले 12-13 वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था में व्यापक बदलाव आया है और करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों, छोटे उद्यमियों, उद्योगों, धन सृजन करने वालों और करदाताओं का सम्मान किए बिना देश आगे नहीं बढ़ सकता। किसानों और कारोबारियों को गाली देने से देश का विकास नहीं होगा। आर्थिक तरक्की के लिए समाज के सभी वर्गों के योगदान को स्वीकार करना जरूरी है।

निर्यात जैसे उत्पाद घरेलू बाजार में भी दें

मोदी ने उद्योगों से घरेलू बाजार तक सीमित रहने के बजाय वैश्विक बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारतीय उपभोक्ताओं को भी कंपनियां वही गुणवत्ता वाले उत्पाद उपलब्ध कराएं, जो वे निर्यात के लिए तैयार करती हैं। इसके लिए अनुसंधान, नवाचार और नई तकनीक में निवेश बढ़ाना होगा।

प्रधानमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उद्योग जगत का उनके साथ अनुभव कड़वा रहा है। उन्होंने कारोबारियों को भरोसा दिलाया कि मौजूदा सरकार उद्योगों की समस्याओं और सुझावों पर गंभीरता से काम करेगी। मोदी ने उद्योगपतियों से बिना झिझक लिखित सुझाव देने और सुधारों की प्रक्रिया में भागीदार बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अगले 10 वर्षों में सभी क्षेत्रों को ठोस योगदान देना होगा।

दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में पहुंचा भारत

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकप्रिय वीडियो गेम ग्रैंड थेफ्ट ऑटो (जीटीए) के पांचवें और छठे संस्करण का उदाहरण देते हुए पिछले 12 वर्षों में भारत की विकास यात्रा के आंकड़े साझा किए। उन्होंने कहा कि भारत पहले दुनिया की कमजोर पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल था, लेकिन अब सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में जगह बना चुका है।

प्रधानमंत्री के मुताबिक, इस दौरान देश की सौर ऊर्जा क्षमता 2.82 गीगावाट से बढ़कर 175 गीगावाट हो गई। रेलवे का विद्युतीकरण 20 प्रतिशत से बढ़कर 99.6 प्रतिशत तक पहुंच गया। गरीबी दर 27 प्रतिशत से घटकर 2.6 प्रतिशत रह गई। वहीं, अंतरिक्ष क्षेत्र में 440 स्टार्टअप काम कर रहे हैं। मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से इन उपलब्धियों को युवाओं के सामने रखा।

Show More

Related Articles

Back to top button