
Indian Politics: मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर की भगवान श्रीराम को लेकर की गई टिप्पणी पर राजनीतिक और धार्मिक हलकों में बहस शुरू हो गई है। जावेद अख्तर ने कहा कि भगवान राम केवल किसी एक धर्म या समुदाय के नहीं हैं, बल्कि हर भारतीय के जीवन, संस्कार और नैतिकता से जुड़े हुए हैं। उनके इस बयान का कई राजनीतिक नेताओं ने समर्थन किया, जबकि मौलाना साजिद रशीदी ने इस पर कड़ी असहमति जताई।
जावेद अख्तर ने मंगलवार को मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि राम केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि नैतिकता और जीवन जीने का एक तरीका हैं। उन्होंने कहा, ”राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हैं; राम एक नैतिकता हैं। राम जीने का एक तरीका हैं। राम एक खास सौंदर्यबोध और नैतिकता हैं।” उन्होंने आगे कहा कि उनकी इस बात से कई लोग नाराज हो सकते हैं, लेकिन राम हर भारतीय के खून में बसे हैं, फिर चाहे उसका मजहब कुछ भी हो।
मौलाना साजिद रशीदी ने बयान पर जताई आपत्ति
जावेद अख्तर की टिप्पणी पर मौलाना साजिद रशीदी ने विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि जावेद अख्तर स्वयं को नास्तिक बताते रहे हैं, इसलिए उनके राम की प्रशंसा करने को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। रशीदी ने आरोप लगाया कि जावेद अख्तर एक कारोबारी की तरह अपनी बात रख रहे हैं और राम की तारीफ के जरिए हिंदुओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ”मेरे अंदर तो राम जी का खून नहीं है, मेरे अंदर तो हजरत आदम अलैहिस्सलाम का खून है, जिनको मैं अपना पूर्वज मानता हूं।”
वहीं, मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने जावेद अख्तर के बयान को भारतीय संस्कृति, तहजीब और सभ्यता से जोड़कर देखा। उन्होंने कहा कि यह जावेद अख्तर का अपना नजरिया है और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भी इस टिप्पणी में खूबसूरती दिखाई देती है।
प्रमोद कृष्णम और राम कदम ने किया स्वागत
भारतीय जनता पार्टी से जुड़े नेता प्रमोद कृष्णम ने जावेद अख्तर की टिप्पणी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जावेद अख्तर बड़े विद्वान हैं और सच बोलने के लिए जाने जाते हैं। कृष्णम ने कहा कि भगवान राम की शरण में आने पर वह जावेद अख्तर के बयान का समर्थन करते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जावेद अख्तर को अपनी यह बात राहुल गांधी को भी समझानी चाहिए।
भाजपा नेता राम कदम ने भी बयान का स्वागत करते हुए कहा कि जावेद अख्तर ने भगवान श्रीराम से जुड़ी एक बड़ी सच्चाई स्वीकार की है। उन्होंने टिप्पणी की कि जिनके मन में रावण बाकी है, वे राम को नहीं समझ पाएंगे। उनके मुताबिक, मन से रावण के विचार दूर होने पर ही भगवान राम के आदर्शों को अपनाया जा सकता है।
कांग्रेस नेताओं ने भी बताई अपनी सहमति
कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने जावेद अख्तर की बात को सही बताते हुए कहा कि राम कण-कण में हैं। उन्होंने कहा कि साहित्यकारों और कवियों ने भी अपनी रचनाओं में इसी भाव को व्यक्त किया है।
कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि जावेद अख्तर ने अपना विचार रखा है और हर व्यक्ति को अपनी बात कहने का अधिकार है। उन्होंने इसे जावेद अख्तर की व्यक्तिगत सोच बताते हुए इस पर अलग से टिप्पणी करने की जरूरत नहीं बताई।
संजय राउत बोले- राम राष्ट्र की अस्मिता हैं
शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने भी जावेद अख्तर के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राम इस राष्ट्र की अस्मिता हैं। राम न तो किसी राजनीतिक दल से जुड़े हैं और न ही उन्हें किसी एक वर्ग तक सीमित किया जा सकता है। राउत के अनुसार, राम सबके हैं और उनका जीवन तथा आचरण लोगों को आदर्श जीवन जीने की दिशा दिखाता है।
उन्होंने कहा कि भगवान राम की आचार संहिता व्यक्ति के आचरण और जीवन मूल्यों के लिए मार्गदर्शन का काम करती है।
सपा सांसद राजीव राय ने भी रखी अपनी बात
समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने कहा कि उनके घर में भी राम मंदिर है। उन्होंने राम के सर्वव्यापी स्वरूप का उल्लेख करते हुए कहा, ”मुझमें राम, तुझमें राम, रोम-रोम में राम, कण-कण में राम, यहां राम, जहां देखो तहां राम।”
राजीव राय ने भगवान श्रीराम को मर्यादा पुरुषोत्तम बताते हुए कहा कि वे पहले भी आदर्श थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे।
जावेद अख्तर की टिप्पणी के बाद सामने आई इन प्रतिक्रियाओं से स्पष्ट है कि भगवान राम को लेकर उनकी बात पर अलग-अलग राजनीतिक और धार्मिक विचार सामने आए हैं। जहां कई नेताओं ने राम को भारतीय संस्कृति, नैतिकता और साझा विरासत का प्रतीक बताया, वहीं मौलाना साजिद रशीदी ने इस विचार से असहमति जताई है।
written by Siddhi Srivastava



