छठ पूजा पर प्रयागराज जंक्शन पर उमड़ी यात्रियों की भीड़, आरपीएफ ने संभाला मोर्चा

Crowds of passengers thronged Prayagraj Junction for Chhath Puja; RPF took charge of the situation.

दीपावली के बाद छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रयागराज जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल ने व्यापक भीड़ प्रबंधन अभियान चलाया। इस दौरान आरपीएफ जवानों ने प्लेटफॉर्मों पर मोर्चा संभालते हुए यात्रियों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से ट्रेनों में सवार कराया। आरपीएफ पोस्ट प्रयागराज के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मीणा ने स्टाफ के साथ विभिन्न प्लेटफॉर्मों का निरीक्षण कर भीड़ की स्थिति का जायजा लिया। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ट्रेन संख्या 12417 प्रयागराज एक्सप्रेस और 20403 में यात्रियों की अधिक भीड़ को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती गई। आरपीएफ जवानों ने जनरल कोचों के सामने यात्रियों को कतारबद्ध कराया और एक-एक कर उन्हें कोच में प्रवेश दिलाया। इससे धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी की स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिली। अन्य प्लेटफॉर्मों पर भी अधिक भीड़ वाली ट्रेनों के पास पहुंचकर जवानों ने यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से सवार कराया। इस दौरान यात्रियों को धैर्य रखने, लाइन में लगकर ट्रेन में चढ़ने और चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने से बचने की अपील की गई। आरपीएफ की इस पहल का उद्देश्य त्योहार के दौरान भीड़ नियंत्रण के साथ प्लेटफॉर्म पर दुर्घटनाओं की आशंका को रोकना और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है। छठ पूजा तक स्टेशन पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था जारी रहेगी।

रिपोर्ट: आकाश त्रिपाठी

Show More

Related Articles

Back to top button