
Sports-Cricket News-मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) और मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के संयुक्त प्रयास से क्रिकेट प्रेमियों को खेल के इतिहास से जुड़ी कुछ अनमोल धरोहरों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। लॉर्ड्स स्थित एमसीसी संग्रहालय की चुनिंदा ऐतिहासिक वस्तुओं की विशेष प्रदर्शनी 14, 15 और 17 नवंबर को एमसीए शरद पवार क्रिकेट संग्रहालय में आयोजित की जाएगी। संग्रहालय पहुंचने वाले आम लोगों को इन ऐतिहासिक वस्तुओं के साथ संग्रहालय के बढ़ते क्रिकेट संग्रह को देखने का अवसर मिलेगा।
इस प्रदर्शनी में भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों और ऐतिहासिक मुकाबलों से जुड़ी यादगार वस्तुएं प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें सौरव गांगुली की वह एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय जर्सी शामिल है, जिसे उन्होंने वर्ष 2002 में नेटवेस्ट सीरीज जीतने के बाद लॉर्ड्स की बालकनी से लहराया था। इसके अलावा अनिल कुंबले की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय टोपी, 1982 में इंग्लैंड और भारत के बीच खेले गए जुबली टेस्ट का पदक, सचिन तेंदुलकर का एकदिवसीय स्वेटर, महेंद्र सिंह धोनी की एकदिवसीय जर्सी और राहुल द्रविड़ की टेस्ट जर्सी भी प्रदर्शनी का हिस्सा होंगी।
लॉर्ड्स स्थित एमसीसी संग्रहालय में संरक्षित ये ऐतिहासिक वस्तुएं क्रिकेट के उन यादगार पलों और महान खिलाड़ियों की विरासत को दर्शाती हैं, जिन्होंने इस खेल के इतिहास को आकार दिया है। इन धरोहरों का भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए विशेष महत्व है।
एमसीसी के प्रवक्ता ने इस साझेदारी पर खुशी जताते हुए कहा कि मुंबई क्रिकेट संघ के साथ एमसीए शरद पवार क्रिकेट संग्रहालय में इस विशेष प्रदर्शनी का आयोजन करना क्लब के लिए गर्व की बात है। एमसीसी संग्रहालय ने हाल के वर्षों में अपने संग्रह को दुनिया भर के करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों के उत्साह और खेल के प्रति उनके जुड़ाव को ध्यान में रखते हुए विकसित किया है। मुंबई जैसे क्रिकेट के प्रमुख केंद्र में इन ऐतिहासिक वस्तुओं को प्रदर्शित करने और नए संग्रहालय के प्रति लोगों की रुचि बढ़ाने का यह अवसर बेहद खास है।
मुंबई क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा कि इस विशेष प्रदर्शनी के लिए मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब के साथ साझेदारी करना संघ के लिए सम्मान की बात है। मुंबई के क्रिकेट प्रशंसक इस खेल के समृद्ध इतिहास से गहराई से जुड़े हैं। यह प्रदर्शनी उन्हें भारत के कुछ महान क्रिकेट दिग्गजों से जुड़ी ऐतिहासिक वस्तुओं को देखने का अनूठा अवसर देगी। उन्होंने इन अनमोल धरोहरों को साझा करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए क्रिकेट की विरासत को संरक्षित करने तथा उसका उत्सव मनाने के प्रयासों में सहयोग के लिए एमसीसी का आभार जताया।
यह विशेष प्रदर्शनी एमसीए के उस प्रयास का हिस्सा है, जिसके तहत शरद पवार क्रिकेट संग्रहालय को क्रिकेट प्रेमियों के प्रमुख आकर्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। संग्रहालय में मुंबई, भारतीय और विश्व क्रिकेट की समृद्ध विरासत से जुड़ी वस्तुओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।



