Unnao News: बेनहर इंटरनेशनल कॉलेज में मिशन शक्ति एवं साइबर सुरक्षा कार्यशाला आयोजित

Unnao News: 'Mission Shakti' and Cyber ​​Security Workshop Held at Ben-Hur International College

Unnao News:मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 एवं शारदीय नवरात्रि के दृष्टिगत कोतवाली सदर क्षेत्र के अब्बासपुर स्थित बेनहर इंटरनेशनल कॉलेज में मिशन शक्ति एवं साइबर सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और महिला एवं बालिका अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक उत्तरी आयुष श्रीवास्तव ने की।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए एसपी उत्तरी आयुष श्रीवास्तव ने साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने ओटीपी किसी के साथ साझा न करने, बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी सुरक्षित रखने और सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध का शिकार होने पर बिना देर किए शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

कार्यशाला में मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों के बारे में बताते हुए छात्र-छात्राओं को महिला सम्मान, सुरक्षा, सशक्तीकरण और महिला एवं बालिका अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में बताया गया।

उप निरीक्षक मीना सिंह और उनकी टीम ने जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए। महिला थाना से दीपिका दीक्षित ने भी छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने में सहयोग किया।

पुलिस अधिकारियों सहित कॉलेज का स्टाफ रहा मौजूद

कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रेखा सिंह, मिशन शक्ति प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमारी, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव, उप निरीक्षक मीना सिंह, परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव, साइबर थाना के मुख्य आरक्षी शमसुद्दीन, आरक्षी सोनिया शर्मा और कॉलेज की प्रधानाचार्या पल्लवी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

कार्यशाला में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। अंत में विद्यालय प्रशासन ने पुलिस विभाग का आभार जताया और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।

Read Also-Unnao News: एससीईआरटी में गणित के शैक्षिक वीडियो निर्माण की तैयारी तेज, स्क्रिप्ट की हुई समीक्षा

Show More

Related Articles

Back to top button