पचास प्रतिशत छूट दिलाने का करते है वादा
छूट के चक्कर में तीमारदारों को फांस वसूलते है मोटा मुनाफा
प्रयागराज। एसआरएन अस्पताल जिले का एक मात्र सरकारी अस्पताल है, जहां प्रयागराज समेत इसके आस पास के जिले के मरीज अपने तीमारदारों संग इलाज के लिए आते हैं। महंगाई के इस समय में हर किसी को दवाएं सस्ते और किफायती दामों पर चाहिए होती है। इसके लिए मरीज के तीमारदार हर संभव प्रयास करते है। इसी का फायदा उठाते है अस्पताल में घूमने वाले दलाल। यह तीमारदारों को सस्ते दामों पर दवाएं दिलाने को कह कर के उनसे भारी मुनाफा वसूलते है। इस तरह कि शिकायतों का संज्ञान लेते हुए युनाइटेड भारत के संवाददाता ने शुक्रवार को एसआरएन अस्पताल में पड़ताल की। पड़ताल में पाया कि यह बात सत्य निकली। संवाददाता स्वयं तीमारदार बन कर अस्पताल में प्रवेश करता है। इसके बाद जैसे ही अमृत औषधी फार्मेसी में दवा लेने वाली पंक्ति में खड़ा हुआ कि तभी एक दलाल आता है और पूछता है सर दवा लेंगे क्या?
संवादाता और दलाल के बीच इस तरह होती है बात
दलाल: सर दवा लेंगे क्या?
संवाददाता: जी हाँ
दलाल: पर्चा दिखाईये
संवाददाता: पर्चा दिखाते हुए क्या सारी दवाएं मिल जाएंगी?
दलाल : हाँ
संवाददाता : दवा सेम कंपनी और सेम नाम से मिलेगी?
दलाल : हाँ
संवाददाता : डिस्काउंट मिलेगा?
दलाल : हाँ
संवाददाता : कितने प्रतिशत?
दलाल : पचास प्रतिशत
संवाददाता : कितने तक मिल जाएगी?
दलाल : 450 से 500 के बीच
इसके बाद दलाल संवाददाता को एक पर्ची पकड़ाता है, जिसमे उस विशिष्ट दुकान का नाम लिखा होता है, जहां से उसको मुनाफा मिलने वाला होता है। इसके बाद संवाददाता कुछ देर वहीं खड़ा रहा। दलाल ने दुसरे तीमारदार को पकड़ा और उनसे भी यह प्रश्र पूछने लगा। इस पर तीमारदार ने कहा कि मुझे बाहर से दवा नहीं लेनी मैं अमृत फॉर्मेसी से ही दवा लूंगा। कुछ देर बाद वार्तालाप का सिलसिला खत्म हुआ, फिर दलाल दूसरे को फांसने के लिए प्रयासरत हो गया।
संवाददाता दवा का पर्चा लेकर बाहर निकला
इसके बाद संवाददाता दवा का पर्चा लेकर अस्पताल से बाहर निकल उस विशिष्ट दुकान की ओर बढ़ा। इस दौरान रास्ते में उसको फिर एक दलाल मिला। दलाल और संवाददाता के बीच की बातचीत
दलाल : दवा लेगें क्या?
संवाददाता : हाँ
दलाल : आईए आईए यहां सारी दवाएं मिल जाएंगी
संवाददाता : सारी दवाएं मिल जाएंगी?
दलाल : हाँ
संवाददाता : कितने की मिलेगी?
दलाल : लगभग पांच सौ रूपए की
इसके बाद जब संवाददाता उस विशिष्ट दुकान की ओर बढ़ा। संवाददाता जब दुकान पर पहुंचा तब उसने दुकानदार से दवाओं का दाम पूछा। इस पर दुकानदार ने कहा कि दवाएं मिल जाएंगी और उचित दाम पर। कितने की मिलेगी लगभग तीन सौ रूपए की।
अब तक पकड़े जा चुके लगभग 80 दलाल
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि दलालों की जानकारी हैं। इसे रोकने के लिए अस्पताल प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी के साथ प्रशासन ने बताया कि अब तक लगभग 80 दलालों को पकड़ा जा चुका है। दलालों के विषय में जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन को भी पत्राचार के माध्यम से सूचित किया जा चुका है। जिस भी व्यक्ति की स्थिति संदिग्ध दिखती है उससे तुरंत पूछताछ की जाती है।
दलालों को पकड़ने के लिए अस्पताल प्रशासन के द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस बात की जानकारी अस्पताल प्रशासन के साथ साथ जिलाधारिकारी और पुलिस प्रशासन को भी सूचित किया जा चुका है। अब तक लगभग 80 दलालों को पकड़ पुलिस को सौंपा जा चुका हैं।
डॉ.नीलम सिंह
एसआईसी
एसआरएन अस्पताल
रिपोर्ट: आकाश त्रिपाठी


