
Lucknow News:आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ को राज्य व्यापक स्वास्थ्य एवं एकीकृत सेवाएं एजेंसी (साचिस), उत्तर प्रदेश की ओर से सम्मानित किया गया। संस्थान को योजना के तहत मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा इसके सफल क्रियान्वयन में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान मिला है।
आयुष्मान भारत योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरकारी संस्थानों की श्रेणी में लोहिया संस्थान ने बेहतर सेवाओं और आयुष्मान लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में विशेष पहचान बनाई है।
इसके साथ ही पूरे प्रदेश के सरकारी चिकित्सालयों में आयुष्मान भारत योजना के तहत सर्वाधिक उपचार पूर्व स्वीकृति करने के लिए भी संस्थान को सम्मानित किया गया है। संस्थान द्वारा अब तक 57 हजार से अधिक मरीजों के उपचार के लिए पूर्व स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है।
खास बात यह है कि लोहिया संस्थान प्रदेश का इकलौता सरकारी संस्थान है, जिसे आयुष्मान भारत योजना के तहत दो अलग-अलग श्रेणियों में सम्मान प्राप्त हुआ है। संस्थान की ओर से प्रतिनिधियों ने यह सम्मान ग्रहण किया।
इस उपलब्धि पर संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) सी. एम. सिंह ने आयुष्मान भारत योजना से जुड़े चिकित्सकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों तक उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान संस्थान की पूरी टीम के सामूहिक प्रयास, समर्पण और सेवा भावना का परिणाम है। भविष्य में भी संस्थान मरीजों के हित में इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।
Read Also-Pratapgarh News: संत सम्मेलन में इक्कीस संतों का हुआ पूजन व सम्मान



