Lucknow News: शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन मामले में 60 अज्ञात लोगों पर मुकदमा

Lucknow News: Case registered against 60 unidentified persons over protest outside Education Minister's residence.

Lucknow News:बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के माल एवेन्यू स्थित आवास के बाहर पांच अक्टूबर को प्रदर्शन और सड़क पर आवागमन बाधित करने के मामले में गौतमपल्ली पुलिस ने करीब 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने प्रदर्शन की वीडियो रिकॉर्डिंग और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर प्रदर्शनकारियों की पहचान शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, पांच अक्टूबर की सुबह बंदरिया बाग चौराहे पर कुछ महिलाएं अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए एकत्र हुई थीं। इससे यातायात प्रभावित होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा समझाने के बाद महिलाएं वहां से हट गईं।

इसके कुछ समय बाद पुलिस को सूचना मिली कि माल एवेन्यू स्थित बेसिक शिक्षा मंत्री के आवास के सामने महिला और पुरुष प्रदर्शन कर रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि प्रदर्शन के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित हो रहा था। प्रदर्शनकारियों के हाथों में विभिन्न मांगों से जुड़ी तख्तियां थीं। इनमें आरक्षण की मांग और शिक्षक भर्ती प्रक्रिया से जुड़े मुद्दे उठाए गए थे।

पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों से उनका नाम-पता पूछा गया, लेकिन उन्होंने जानकारी देने से इनकार कर दिया। पुलिस ने बिना अनुमति प्रदर्शन नहीं करने और यातायात व्यवस्था प्रभावित न करने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने।

गौतमपल्ली थाने के प्रभारी निरीक्षक विपिन सिंह के अनुसार, चौकी प्रभारी की तहरीर के आधार पर मंगलवार रात करीब 60 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ सार्वजनिक मार्ग बाधित करने, बिना अनुमति प्रदर्शन करने समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। अब पुलिस वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की मदद से प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।

Read Also-Pratapgarh News: संत सम्मेलन में इक्कीस संतों का हुआ पूजन व सम्मान

Show More

Related Articles

Back to top button